71 किलो गांजा बरामद, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

इटावा। जिले की बसरेहर थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार (Arrested) किया। उनके पास से 71 किलो गांजा (Ganja) बरामद हुआ है। इसकी कीमत सात लाख रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपित छत्तीसगढ़ एवं ओडिशा से गांजा लाकर इटावा और आसपास के जिलों में बेचते थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बुधवार को बताया कि नगर निकाय चुनाव के दृष्टिगत जिले में पुलिस सघन वाहन चेकिंग कर रही है। इसी क्रम में मंगलवार आधी रात को चौबिया की तरफ से बसरेहर जा रहे एक कंटेनर को पुलिस ने रोक कर तलाशी ली।

इस दौरान 71 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। मौके से दो तस्कर औरैया निवासी मलखान और कानपुर नगर के रहने वाले श्याम सिंह गिरफ्तार किए गए हैं।

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि हम लोग छत्तीसगढ़ और ओडिशा से सस्ते दामों में गांजा इटावा में लाते हैं। इसके बाद आसपास के जिलों में महंगे दामों में बेचते हैं।

Exit mobile version