Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

हर्ष फायरिंग में गोली लगने से दो बालक घायल, प्रधान पति गिरफ्तार

revolver

revolver

फर्रुखाबाद। कम्पिल थाना क्षेत्र में रविवार को देर रात तिलक समारोह में हुई फायरिंग (Harsh Firing) में दो बच्चे गम्भीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कालेज सैफई रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने फायरिंग करने वाले प्रधान पति को गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार गांव सिकंदरपुर खास के आकाश पुत्र पप्पू की शादी गांव की एक लड़़की से होना तय हुआ था। लड़़की का परिवार बारात आने की व्यवस्था में लगा था। उधर वर पक्ष की ओर से गांव स्थित एक मंदिर पर डीजे लगाकर तिलक चढ़ाई का कार्यक्रम किया जा रहा था । डीजे की धुन पर शादी की खुशी में लोग थिरक रहे थे। जहां लोगों की भीड़़ जमा थी। बज रहे डीजे के पास इसी गांव के निवासी शंभूलाल कश्यप का 9 वर्षीय बेटा प्रांशु तथा राजीव कश्यप का 12 वर्षीय बेटा अनुराग भी खड़ा़ था। खुशी में झूमते हुए कुछ युवक तमंचे से फायर कर रहे थे।

उसी समय ग्राम प्रधान हेमलता के पति सत्यपाल भी वहां पहुंच गए। सीओ कायमगंज के अनुसार सत्यपाल ने अभी-अभी कुछ दिन ही पहले अपने राजनैतिक सोर्स के चलते पिस्टल का लाइसेंस लेकर पिस्टल खरीदा था। पिस्टल लेकर प्रधान पति सत्यपाल वहां पहुंचा। सत्यपाल शराब के नशे में था। उसने अचानक अपना पिस्टल कवर से बाहर निकाल कर फायर करना चाहा। लेकिन पूरी जानकारी ना होने के कारण फायर नहीं हुआ। बल्कि कारतूस उसी में फंस गया। फंसा हुआ कारतूस निकालने के लिए उसने अपना पिस्टल खोलने का प्रयास किया। वैसे ही अचानक पिस्टल से ताबड़तोड़ 3 गोलियां सनसनाती हुई निकली। एक गोली वहां खड़े़ गरीब के बेटे अनुराग के पेट में लगकर पार हो गई और दूसरी दो गोली दूसरे लाचार गरीब परिवार के मासूम प्रांशु को जा लगी।

एक गोली उसके पेट को चीरती हुई बाहर निकल गई। जबकि दूसरी गोली बेचारे के पेट में ही फस गई। इस दर्दनाक , नासमझी के कारण हुई घटना के बाद डीजे बंद हो गया। चारों तरफ सन्नाटा पसर गया तथा पूरे गांव में अफरा तफरी का माहौल व्याप्त हो गया। शादी की खुशियां एकदम ठंडी पड़ गई। दोनों घायल बच्चों को मौके से लाकर कायमगंज नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां से उन्हें तत्काल प्रथम उपचार के बाद डॉ राम मनोहर लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद के लिए रेफर कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए यहां से भी दोनों बच्चे आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई के लिए रेफर कर दिए गए हैं। दोनों गरीब परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। क्षेत्राधिकारी सोहराब अहमद ने बताया कि प्रधान पति सत्यपाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। मौके से चले हुए खोखे भी बरामद हुए है।

Exit mobile version