Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

चाचा को चुनाव में ना रथ में मिली सीट…., स्वतंत्रदेव ने तस्वीर शेयर कर कसा तंज

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 (UP Election) में सियासी बयानबाजी पूरे उफान पर है। विभन्न दलों के नेता एक-दूसरे पर कटाक्ष करने का कोई मौका अपने हाथों से जाने नहीं देना चाहते हैं।

इसी क्रम में यूपी बीजेपी (BJP) के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह (SwatantraDev) ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) पर जोरदार तंज कसा है। उन्होंने गुरुवार रात अपने ट्विटर अटाउंट पर एक तस्वीर ट्वीट की है जिसमें समाजवादी रथ में सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव (Mulayam Sing), अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) , शिवपाल सिंह यादव (Shivpal Yadav) और कई अन्य नेता मौजूद हैं।

पहले गुंडे इत्र छिड़कते थे, अब जेल से बाहर निकलने को डरते है : स्वतंत्र देव

यूपी बीजेपी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का गुरुवार को किया यह ट्वीट खूब वायरल हो रहा है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने अखिलेश यादव की विजय रथ यात्रा के दौरान का एक फोटो ट्वीट कर लिखा, ‘चाचा को ना चुनाव लड़ने के लिए सीट मिली ना रथ में बैठने के लिए…’ फोटो में मुलायम सिंह यादव कुर्सी पर बैठे जनता का अभिवादन कर रहे हैं और उनके बगल में अखिलेश एक कुर्सी के हत्थे पर बैठे हैं, जबकि शिवपाल, मुलायम की कुर्सी के पीछे चुपचाप खड़े हैं। स्वतंत्र देव सिंह ने इसी तस्वीर पर ट्वीट करते हुए आगे लिखा- ‘…वैसे भतीजे को भी 10 मार्च को अपनी सीटें ढूंढ़ना मुश्किल हो जाएगा।’

दरअसल, रोमांचक दौर में पहुंच चुके मैनपुरी जिले के करहल के चुनाव में गुरुवार को सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की भी एंट्री हो गई। लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार अपने गढ़ आए ‘नेताजी’ ने यहां चुनाव लड़ रहे बेटे अखिलेश यादव को जिताने की मार्मिक अपील की और चुनाव प्रचार किया। इस दौरान वह बोले, मेरी भावना का आदर करना, अखिलेश को भारी जीत दिला देना।

प्रदेश की समृद्धि, प्रगति, संपन्नता का चुनाव : स्वतंत्र देव

मुलायम सिंह यादव ने अपने संबोधन में किसान, नौजवान, व्यापारी के साथ हर वर्ग को छुआ। कहा, किसान को प्राथमिकता देना सपा की नीति है। खाद-बीज के इंतजाम के साथ सिंचाई का साधन भी उपलब्ध कराएंगे। मुलायम ने कहा कि मुझे इतनी भीड़ की उम्मीद नहीं थी। इस भीड़ से साबित होता है कि जनता क्या चाहती है। जनता के दिमाग में है कि देखें मुलायम सिंह क्या कहते हैं। मैंने कह दिया किसान, नौजवान और व्यापारी, तीनों मिलकर ही देश का विकास कर सकते हैं। यहां लोग उम्मीद के साथ आए हैं, ये उम्मीद सपा की सरकार पूरा करेगी।

Exit mobile version