Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

सरकार के जवाब से अंसुतष्ट विपक्षी सदस्यों ने यूपी विधान परिषद से बहिर्गमन

यूपी विधान परिषद UP Legislative Council

यूपी विधान परिषद

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद में सरकार के जवाब से असंतुष्ट होने के कारण बसपा, कांग्रेस और सपा के सदस्यों ने गुरुवार को सदन से बहिर्गमन किया।

शून्य प्रहर में सपा के अहमद हसन आशुतोष सिंन्हा, डा. संजय लाठर, वासुदेव यादव एवं अन्य सदस्यों ने प्रदेश सरकार के जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाये जाने के संबंध में कार्यस्थगन की सूचना दी। सूचना की ग्राहय्ता पर डॉ. संजय लाठर, लीलावती कुश्वाहा और नेता विरोधी दल अहमद हसन ने विचार व्यक्त किये।

संबंधित मंत्री ने सदन को तथ्यों से अवगत कराया। सरकार के उत्तर से संतुष्ट न होने के कारण सपा के सभी सदस्यों ने सदन से बहिर्गमन किया। सभापति कुॅवर मानवेन्द्र सिंह ने सूचना पर कार्यस्थगन अस्वीकार कर उसे सरकार को आवश्यक कार्यवाही के लिए संदर्भित किये जाने के निर्देश दिये।

कुमार सानू का छलका दर्द, बोले- देश में मेरे टैलेंट की कद्र नहीं

बसपा के दिनेश चन्द्रा, अतर सिंह राव, सुरेश कुमार कश्यप, महमूद अली एवं भीमराव अम्बेडकर ने शामली जिले के मोहल्ला दक्षिणी सुभाष नगर निवासी ओमवीर कश्यप की पुलिसकर्मियों द्वारा हत्या करने पर आरोपी पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किये जाने के संबंध में कार्यस्थगन की सूचना दी।

सूचना की ग्राहय्ता पर सुरेश कुमार कश्यप एवं दिनेश चन्द्रा ने विचार व्यक्त किये। नेता सदन डॉ. दिनेश शर्मा ने सदन को तथ्यों से अवगत कराया। सरकार के उत्तर से संतुष्ट नहीं होने के कारण बसपा के सभी सदस्यों ने सदन का त्याग किया। अधिष्ठाता जयपाल सिंह व्यस्त ने सूचना पर कार्यस्थगन अस्वीकार कर सरकार को आवश्यक कार्यवाही के लिए संदर्भित किये जाने के निर्देश दिये।

उसके बाद कांग्रेस के दीपक सिंह ने प्रदेश में महिला उत्पीड़न व हत्याओं की बढ़ती घटनाओं पर नियंत्रण किये जाने के संबंध में कार्यस्थगन की सूचना दी। सूचना की ग्राहय्ता पर दीपक सिंह ने विस्तार से विचार व्यक्त किये। नेता सदन श्री शर्मा ने सदन को तथ्यों से अवगत कराया। सरकार के उत्तर से संतुष्ट न होने पर दीपक सिंह ने सदन का त्याग किया।

अधिष्ठाता जयपाल सिंह व्यस्त ने सूचना पर कार्यस्थगन अस्वीकार कर सरकार को आवश्यक कार्यवाही के लिए संदर्भित किये जाने के निर्देश दिये। शिक्षक दल के सुरेश कुमार त्रिपाठी एवं ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने अम्बेडकर नगर के सुभाष राष्ट्रीय इण्टर कालेज, सैदही के प्रबन्धक द्वारा की जा रही अनियमितताओं के संबंध में सूचना दी। सूचना की ग्राहय्ता पर शिक्षक दल के ध्रुव कुमार त्रिपाठी एवं सपा के हीरा लाल यादव ने विचार व्यक्त किये। नेता सदन ने डॉ. दिनेश शर्मा सदन को तथ्यों से अवगत कराया। अधिष्ठाता जयपाल सिंह व्यस्त ने सूचना पर कार्यस्थगन अस्वीकार कर उसे सरकार को आवश्यक कार्यवाही के लिए संदर्भित किये जाने के निर्देश दिये।

निर्दलीय समूह के राजबहादुर सिंह चन्देल एवं डॉ. आकाश अग्रवाल ने प्रदेश सरकार द्वारा सरकारी एवं निजी क्षेत्र के विद्यालयों में दी जा रही सुविधाओं में भेदभाव किये जाने के संबंध में सूचना दी। सूचना की ग्राहय्ता पर डॉ. आकाश अग्रवाल, राजबहादुर सिंह चन्देल एवं सपा के लाल बिहारी ने बल दिया।

बेसिक शिक्षा मंत्री ने सदन को तथ्यों से अवगत कराया। अधिष्ठाता जयपाल सिंह व्यस्त ने सूचना पर कार्यस्थगन अस्वीकार कर सरकार को आवश्यक कार्यवाही के लिए संदर्भित किये जाने के निर्देश दिये। शून्य प्रहर में सपा के नरेश चन्द्र उत्तम, जितेन्द्र यादव, डॉ. संजय लाठर, एवं अन्य सदस्यों ने प्रदेश के किसानों का कृषक दुर्घटना बीमा की धनराशि बढ़ाये जाने के संबंध में कार्यस्थगन की सूचना दी। सूचना की ग्राहय्ता पर सपा के डॉ. दिलीप यादव, नरेश चन्द्र उत्तम,शशांक यादव एवं नेता विरोधी दल अहमद हसन ने विचार व्यक्त किये।

कृषि मंत्री ने सदन को तथ्यों से अवगत कराया। सरकार के जवाब से संतुष्ट न होने के कारण सपा के सभी सदस्यों ने सदन से बहिर्गमन किया। अधिष्ठाता जयपाल सिंह व्यस्त ने सूचना पर कार्यस्थगन अस्वीकार कर सरकार को आवश्यक कार्यवाही के लिए संदर्भित किये जाने के निर्देश दिये।

Exit mobile version