Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

यूपी-112 के कर्मी बच्चों के संग पुलिस अंकल की भूमिका में आए नजर

लखनऊ। आइये नववर्ष पर एक नव संकल्प उठाएँ, दूसरों की मदद को आगे आए, इस संदेश के साथ यूपी-112 नव वर्ष पर पूरे प्रदेश में नागरिकों को अपनी सेवाओं और योजनाओं के बारे में जागरुक कर रही है।

इसी क्रम में नववर्ष के मौके पर लखनऊ के मॉल्स में यूपी-112 के कर्मियों ने नागरिकों को अपनी सेवाओं और योजनाओं के बारे में बताया। अपने बीच पुलिस अंकल को पाकर बच्चों ने भी खूब मस्ती की। यूपी-112 के जवानों ने खेल-खेल में कॉमिक बुक के सहारे बच्चों को 112 की सेवाओं के बारे में जानकारी दी। पुलिस कर्मियों ने बुजुर्गों और महिलाओं से भी संवाद कर उनसे 112 की सवेरा और नाईट एस्कॉर्ट सेवा की जानकारी साझा की।

फीनिक्स आलमबाग, प्लासीयो, सहारागंज और फन मॉल में नववर्ष पर यूपी-112 के कर्मी बच्चों के संग पुलिस अंकल की भूमिका में नजर आए। इस मौके पर पुलिस अंकल ने बच्चों को पॉकेट कॉमिक किताबें भी दीं, जिसमें कार्टून के माध्यम से बताया गया है कि नागरिक कब और कैसे यूपी-112 की सहायता ले सकते हैं। शहर के विभिन्न शॉपिंग मॉल में यूपी-112 द्वारा मित्र पुलिसिंग का संदेश दिया और बताया कि पुलिस कैसे मित्र बनकर मदद करती आ रही है।

यूपी पुलिस की आपातकालीन सेवाओं ने लोगों विशेषकर बच्चों को इस बारे में जागरूक करने के लिए अपने दोपहिया और चार पहिया वाहन पीआरवी भी तैनात किये, जिससे नागरिक जान सकें कि आपातकालीन सेवा कैसे काम करती हैं। बच्चों की कॉमिक बुक में घटनाओं के माध्यम से 112 की योजनाओं की जानकारी दी गयी है। कॉमिक में छोटे- छोटे स्लोगन जैसे डरने की नहीं है बात, 112 है आपके साथ, फोन उठायें, 112 मिलायें लिखे गए हैं।

Exit mobile version