Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

UP Board वॉटरप्रूफ मार्कशीट करेगा जारी, फाड़ने वालों को 1 लाख रूपये का ऐलान

Marksheet

Marksheet

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद अब तेजी से अपनी छवि बदल रहा है। परीक्षा व्यवस्था में सुधार, पारदर्शिता और तकनीकी इनोवेशन के बाद अब बोर्ड (UP Board) ने मार्कशीट (Marksheet) को भी हाईटेक बना दिया है। वर्ष 2025 से जारी की गई नई मार्कशीट न सिर्फ मजबूत है, बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी बेहद खास मानी जा रही है। बोर्ड का दावा है कि इसकी नकल बनाना लगभग नामुमकिन है।

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने बीते कुछ वर्षों में शिक्षा और परीक्षा प्रणाली में कई सुधार किए हैं। इसी कड़ी में 2025 की बोर्ड परीक्षा से एक नई तरह की मार्कशीट जारी की गई है, जो देश के अन्य बोर्डों के लिए उदाहरण बन रही है।

फाड़कर दिखाओ तो 1 लाख रुपए

बोर्ड के सचिव भगवती सिंह के कार्यालय में रखी यह नई मार्कशीट सामान्य कागज की तरह नहीं है। इसकी मजबूती इतनी ज्यादा बताई जा रही है कि इसे हाथ से फाड़ना लगभग असंभव है। सचिव ने यहां तक घोषणा कर दी कि जो कोई इसे हाथ से फाड़ देगा, उसे 1 लाख रुपए इनाम दिए जाएंगे। कई लोगों ने कोशिश की, लेकिन अब तक कोई सफल नहीं हो पाया।

पानी और समय का भी असर नहीं

इस मार्कशीट की खास बात यह है कि यह पानी से खराब नहीं होती। जरूरत पड़ने पर इसे साबुन और पानी से साफ भी किया जा सकता है। इसे न तो लैमिनेशन की आवश्यकता है और न ही यह सामान्य कागज से बनी है। बोर्ड का दावा है कि यह 70 से 80 साल तक सुरक्षित रह सकती है।

धूप में दिखेगा असली लोगो

मार्कशीट में एक विशेष सुरक्षा फीचर जोड़ा गया है। यदि इसे लगभग एक मिनट तक धूप में रखा जाए तो माध्यमिक शिक्षा परिषद का लाल रंग का लोगो उभरकर दिखने लगता है। छाया में लाने पर दो मिनट में यह गायब हो जाता है। यह यूवी तकनीक पर आधारित सुरक्षा उपाय है, जिससे असली और नकली की पहचान आसानी से हो सकेगी।

Exit mobile version