Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो पहुंचे आगरा, सपत्नीक ताजमहल की खूबसूरती को निहारा

Marco Rubio

Marco Rubio

आगरा। चार दिवसीय भारत भ्रमण पर आए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो (Marco Rubio) अपने पूर्व प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार को विशेष वायुयान से आगरा पहुंचे और सपत्नीक ताजमहल की खूबसूरती को निहारा।

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो (Marco Rubio) शनिवार से भारत दौरे पर हैं। इस दौरान वह सोमवार को अपनी पत्नी जीनेट रूबीयो के साथ विशेष वायुयान से आगरा में वायुसेना के खेरिया हवाई अड्डे पर पूर्वाह्न करीब 9:30 पहुंचे। वहां से उनका काफिला सीधा ताजमहल के शिल्पग्राम पहुंचा। मार्को और उनकी पत्नी एक गोल्फ कार्ट में बैठकर ताजमहल के पूर्वी गेट पर पहुंचे और पैदल—पैदल पूर्वी गेट से ताजमहल परिसर में प्रवेश किया। उनके साथ डेलीकेशन के कुछ सदस्य भी थे।

ताजमहल की खूबसूरती से गदगद मार्को रूबीयो (Marco Rubio) ने अपनी पत्नी जीनेट के साथ डायना बेंच पर इन खूबसूरत पलों को फोटोग्राफी के माध्यम से कैद किया। गाइड नितिन गुप्ता ने मार्को रूबियो के साथ रहकर ताजमहल का भ्रमण कराया और ताजमहल के निर्माण और इसके इतिहास के संबंध में जानकारी दी।

मार्को रूबियो (Marco Rubio) ताजमहल देखने के बाद आगरा के एक पांच सितारा होटल में अल्प विश्राम और लंच के लिए रवाना हो गए। इसके बाद वे आगरा से जयपुर के लिए रवाना हो जाएंगे। मिली जानकारी के अनुसार होटल से मार्को रूबीयो अपने काफिले के साथ करीब 12:30 बजे खेरिया हवाई अड्डे पहुंचेंगे और जयपुर के लिए अपराह्न 1:00 बजे उड़ान भरेंगे।

अमेरिकी विदेश मंत्री के आगरा भ्रमण के दौरान अमेरिकी सुरक्षा टीम के साथ-साथ आगरा पुलिस और प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए। खुफिया एजेंसियां भी सतर्क हैं। खेरिया हवाई अड्डे से लेकर ताजमहल तक तथा ताजमहल से होटल अमर विलास तक चप्पे चप्पे पर पुलिस तैनात की गई है।

Exit mobile version