Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

खत्म हुआ सस्पेंस! वीडी सतीशन होंगे केरलम के अगले मुख्यमंत्री

VD Satheesan

VD Satheesan

वीडी सतीशन (VD Satheesan) केरलम के नए मुख्यमंत्री होंगे। कांग्रेस पार्टी की तरफ से गुरुवार को उनके नाम का फाइनल ऐलान किया गया। इसी के साथ बीते 10 दिन से चल रहा सस्पेंस खत्म हो गया। सतीशन के चुने जाने का मतलब साफ है कि कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल का पत्ता कट गया है।

केरल की एआईसीसी प्रभारी दीपा दासमुंशी ने उनके नाम का ऐलान किया। मुख्यमंत्री पद की रेस में सतीशान के अलावा केसी वेणुगोपाल और रमेश चेन्निथला का नाम था।

बता दें कि केरलम में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ गठबंधन ने 140 में से 102 सीटें जीतकर दो-तिहाई से अधिक बहुमत हासिल किया है। केरल विधानसभा में कांग्रेस के पास 140 सदस्यों में से 63 विधायक हैं। इसके सहयोगी दलों इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के पास 22, केरल कांग्रेस (केईसी) के पास आठ और क्रांतिकारी समाजवादी पार्टी (आरएसपी) के पास तीन विधायक हैं।

गुरुवार को ही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केरल के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा से पहले पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ फाइनल राय-मशवरा किया था।

खड़गे के साथ हुई चर्चा में एआईसीसी की महासचिव प्रभारी दीपा दासमुंशी और दो वरिष्ठ पर्यवेक्षक- अजय माकन और मुकुल वासनिक शामिल थे। इन तीनों ने हाल ही में सभी नवनिर्वाचित विधायकों से बातचीत की थी और उनके मन की बात जानी थी।

केरल विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित हुए थे। लेकिन 10 दिन बाद भी कांग्रेस ने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का नाम तय नहीं किया था। राहुल गांधी ने बुधवार शाम को खड़गे के साथ 30 मिनट की बैठक की, जिसमें पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार पर चर्चा हुई। इसके बाद राहुल ने गुरुवार सुबह एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की थी। केरल कांग्रेस विधायक दल की बैठक भी आज बाद में होने वाली है।

Exit mobile version