जौनपुर। पुलिस अधीक्षक अजय कुमार साहनी के नेतृत्व में चलाए जा रहे अपराध व अपराधियों के धड़ पकड़ के मद्देनजर गौरा बादशाहपुर थाने की पुलिस ने थाना क्षेत्र के अमरा गांव से एक शातिर बदमाश को गांजे के साथ गिरफ्तार (Arrested) कर जेल भेज दिया।
थानाध्यक्ष गौराबादशाहपुर विक्रम लक्ष्मण सिंह अपनी फोर्स के साथ क्षेत्र में गश्त पर निकले हुए थे। तभी जानकारी मिली कि गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के अमरा गांव में इसी गांव का निवासी शातिर बदमाश अजीत यादव एक किलो 550 ग्राम गांजा एक झोले में लेकर अमरा गांव के बुढऊ बाबा मंदिर के पास मौजूद है।
जानकारी होते ही थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह अपनी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस को देख बदमाश अजीत यादव भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया। बदमाश अजीत यादव को गिरफ्तार कर पुलिस थाने ले आई।
रविवार को उक्त बदमाश अजीत यादव पुत्र स्व0 शिव धनी यादव निवासी अमरा थाना गौराबादशाहपुर का धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में चालान कर जेल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश अजीत यादव काफी शातिर व मनबढ़ किस्म का है। इसके पूर्व भी वह जेल जा चुका है।









