देश के करोड़ों अन्नदाताओं के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (Kisan Samman Nidhi) केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि खेती-किसानी की जरूरतों को पूरा करने का एक बड़ा सहारा है। पीएम किसान योजना (Kisan Samman Nidhi) के तहत अब तक सरकार 21 किस्तें जारी कर चुकी है और अब देश भर के किसानों की निगाहें 22वीं किस्त पर टिकी हैं। 19 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु के कोयंबटूर से 21वीं किस्त जारी की थी, जिसके बाद से ही अगली किस्त का इंतजार शुरू हो गया था।
बजट के बाद खत्म होगा 22वीं किस्त का इंतजार
किसानों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर 22वीं किस्त की तारीख क्या होगी? हालांकि सरकार की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक तारीख का ऐलान नहीं किया गया है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों के पैटर्न को देखें तो स्थिति काफी हद तक साफ़ हो जाती है। पिछले साल इसी समय अवधि के दौरान, यानी 24 फरवरी 2025 को बिहार के भागलपुर से 19वीं किस्त जारी की गई थी।
इस साल 1 फरवरी 2026 को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण देश का आम बजट पेश करने जा रही हैं। जानकारों का मानना है कि बजट सत्र की व्यस्तता के कारण 1 फरवरी से पहले किस्त जारी होने की संभावना बेहद कम है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि बजट पेश होने के बाद, यानी फरवरी के दूसरे या तीसरे सप्ताह में सरकार किसानों को 22वीं किस्त का तोहफा दे सकती है। यह समय रबी की फसल की कटाई और खरीफ की तैयारियों के लिहाज से भी किसानों के लिए महत्वपूर्ण होता है।
कहीं अटक न जाए पैसा
कई बार ऐसा देखा गया है कि तकनीकी खामियों या दस्तावेजों में कमी के कारण किस्त जारी होने के बावजूद पैसा खाते में नहीं पहुंचता। इसलिए समझदारी इसी में है कि आप पहले ही अपना स्टेटस चेक कर लें। इसके लिए आपको कहीं जाने की जरूरत नहीं है।
आप पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाएं। वहां होमपेज पर आपको फार्मर कॉर्नर का विकल्प मिलेगा, जहां ‘Know Your Status’ पर क्लिक करें। अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और स्क्रीन पर दिया गया कैप्चा कोड दर्ज करें। इसके बाद आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक OTP आएगा, जिसे दर्ज करते ही आपके सामने पूरा स्टेटस खुल जाएगा। अगर यहां सब कुछ सही है, तो आपकी 22वीं किस्त बिना किसी रुकावट के आ जाएगी।
