Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

माघ मेला में महिला की नृशंस हत्या, आरोपित फरार

murder

murder

प्रयागराज। माघ मेला (Magh Mela) क्षेत्र में रविवार रात एक महिला की हत्या (Murder) कर दी गई और चेहरा बुरी तरह से कूंच दिया। महिला अपने प्रेमी के साथ लिव-इन में रह रही थी। वह 10 दिन पहले ही यहां थी। हत्या का आरोप मनीष यादव पर है, जो उसके साथ रहता था। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया। दारागंज पुलिस देर रात तक उसकी तलाश में लगी रही।

बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पैसों को लेकर विवाद हो गया। घटना की गवाह महिला की सात साल की बच्ची है। सुनीता वर्मा (45) मूलरूप से रीवा, मप्र के मऊगंज के दुगना कुर्मियान गांव की रहने वाली थी। सुनीता के पति अच्छे लाल वर्मा की सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी है। उनके चार बच्चे हैं। जिनमें दो बेटे व दो बेटियां हैं। सबसे छोटी बेटी दामिनी (7) अपनी मां के साथ रह रही थी। बाकी बच्चे रीवा में ही रह रहे हैं।

दस दिन पूर्व सुनीता अपनी बेटी के साथ प्रयागराज आई थी। यहां पर दारागंज कोतवाली क्षेत्र के परेड माघ मेला क्षेत्र में रूके थे। उसके साथ कौशाम्बी के करारी कस्बे का रहने वाला मनीष यादव भी रहता था। दोनों मजदूरी करते थे।

बताया जा रहा है कि रविवार रात करीब एक बजे मनीष शराब पीकर आया और सुनीता से झगड़ा करने लगा। इसके बाद मनीष सुनीता को डंडे से पीटने लगा। उस समय बेटी दामिनी सो रही थी। मां की चीख सुनकर उसकी नींद खुली तो वह भी डर गई। सुनीता घायल होकर जमीन पर गिर गई। इसके बाद मनीष ने उसका चेहरा कूंच दिया, फिर उसकी आंखें फोड़ दी। इससे मौके पर ही सुनीता की मौत हो गई।

चौकीदार राम कृपाल ने पुलिस को बताया कि रात करीब दो बजे चीखने चिल्लाने की आवाज सुनाई दे रही थी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। देखा कि महिला के सिर से खून निकल रहा है और बच्ची रो रही थी। पुलिस महिला को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतका की बेटी से पूछताछ की। उसने बताया, उसकी मां और मनीष के बीच पैसों को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। इसकी जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Exit mobile version