Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

ग्रेटर नोएडा में पिटबुल के हमले से महिला घायल, पार्क में मची अफरा-तफरी

Pitbull

Pitbull

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर डेल्टा-1 स्थित बी ब्लॉक पार्क में रविवार सुबह पिटबुल (Pitbull) के हमले से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला अपने पालतू कुत्ते को टहला रही थीं, तभी दूसरे व्यक्ति के पिटबुल ने उन पर हमला कर दिया। पिटबुल ने महिला का बायां हाथ अपने जबड़े में इतनी मजबूती से जकड़ लिया कि करीब 10 से 15 मिनट तक वह खुद को छुड़ा नहीं सकीं। मौके पर मौजूद लोगों ने काफी प्रयास के बाद किसी तरह महिला को बचाया। इस हमले में उनके हाथ में गंभीर चोटें आईं और इलाज के दौरान 12 टांके लगाने पड़े।

दो पालतू कुत्तों के आमने-सामने आने से बढ़ा विवाद

आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रमोद भाटी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब महिला अपने पालतू कुत्ते के साथ पार्क में टहल रही थीं। इसी दौरान एक अन्य निवासी अपने पिटबुल को लेकर वहां पहुंचा। दोनों कुत्तों के आमने-सामने आने पर वे आक्रामक हो गए। महिला ने उन्हें अलग करने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान पिटबुल ने उन पर हमला कर दिया।

महिला की चीख-पुकार सुनकर पार्क में मौजूद लोग दौड़ पड़े। काफी देर की मशक्कत के बाद पिटबुल ने उनका हाथ छोड़ा। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

इलाज का खर्च उठाने पर बनी सहमति

घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई, जिसमें पिटबुल के मालिक ने महिला के इलाज का खर्च उठाने की जिम्मेदारी ली। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया और फिलहाल पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई।

पार्कों में कुत्तों की एंट्री पर रोक

इस घटना के बाद आरडब्ल्यूए ने सेक्टर के सभी पार्कों में कुत्तों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। साथ ही बिना अनुमति सार्वजनिक स्थानों पर कुत्तों को घुमाने वालों पर 1,000 रुपये का जुर्माना लगाने का भी फैसला किया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

गौरतलब है कि गौतमबुद्ध नगर प्रशासन पहले ही 23 खतरनाक नस्लों के कुत्तों के प्रजनन और बिक्री पर रोक लगा चुका है। इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं सामने आने से लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।

Exit mobile version