Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

जेलों की सुरक्षा को मिलेगी इंसास की ताकत, योगी सरकार खरीदेगी 676 राइफल

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की जेलों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए योगी सरकार 676 INSAS राइफलें और 58,795 कारतूस खरीदने की तैयारी कर रही है। इस खरीद पर करीब 14 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं विभाग ने शासन को प्रस्ताव भेजा है। इस पहल का उद्देश्य जेलों में तैनात सुरक्षा कर्मियों को आधुनिक हथियारों से लैस करने के साथ उनके प्रशिक्षण और कार्यक्षमता को बेहतर बनाना है।

डीजी कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं पीसी मीना के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुरूप प्रदेश की जेलों की सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक संसाधनों से मजबूत किया जा रहा है। प्रस्ताव के तहत 5.56 एमएम की 676 INSAS राइफलें खरीदी जाएंगी। इनकी खरीद पर करीब 13.5 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। वहीं, 58,795 कारतूस की खरीद पर लगभग 30 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

यूपी एसटीएफ के माध्यम से होगी खरीद

कारागार विभाग इन हथियारों और कारतूसों की खरीद उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) के माध्यम से करेगा। इसके लिए आवश्यक प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद खरीद प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

जेल वार्डरों को मिलेगा आधुनिक हथियारों का प्रशिक्षण

इस योजना में हथियारों की खरीद के साथ सुरक्षा कर्मियों के प्रशिक्षण पर भी विशेष जोर दिया गया है। खरीदे जाने वाले कारतूसों का इस्तेमाल जेल वार्डर, अधिकारियों और अन्य सुरक्षा कर्मचारियों के प्रशिक्षण में किया जाएगा। इसके जरिए उन्हें हथियारों के सुरक्षित संचालन, निर्धारित प्रक्रियाओं और आपात परिस्थितियों में प्रभावी प्रतिक्रिया का व्यावहारिक अभ्यास कराया जाएगा।

पिछले दो वर्षों में खरीदी गईं 254 INSAS राइफलें

कारागार सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विभाग पिछले दो वर्षों में भी 254 INSAS राइफलें और 44,875 कारतूस खरीद चुका है। अब प्रस्तावित नई खरीद के जरिए जेलों में सुरक्षा संसाधनों का और विस्तार करने की तैयारी है। सरकार का लक्ष्य आधुनिक हथियारों और बेहतर प्रशिक्षण के माध्यम से प्रदेश की जेलों की सुरक्षा व्यवस्था को अधिक चाक-चौबंद बनाना है।

Exit mobile version