प्रतापगढ़। जनपद के लीलापुर थाना अंतर्गत घरौरा गांव में जमीनी विवाद के चलते गुरुवार को समरजीत ने अशोक वर्मा (28) पुत्र राम वर्मा को गोली (Shot) मार दी। गोली लगते ही अशोक गिर पड़ा और तड़पने लगा।
गोली क आवाज सुनकर इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष लीलापुर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल अशोक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया।
युवक को गोली मारने की घटना से गांव में तनाव फैल गया। इसको देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। थानाध्यक्ष लीलापुर ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर कार्रवाई की जा रही है।