उत्तर प्रदेश के हाथरस की 23 वर्षीय मशहूर यूट्यूबर और सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर छवि वार्ष्णेय (Chhavi Varshney ) की मध्य प्रदेश में हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उनकी 50 वर्षीय मां सारिका की भी जान चली गई। छवि के यूट्यूब पर 7 लाख से अधिक सब्सक्राइबर्स थे। मां-बेटी के शव बुधवार को हाथरस के महौखास गांव लाए जाएंगे। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है।
हादसा उज्जैन-गरोठ फोरलेन पर रामाखेड़ी गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि छवि अपने परिवार के साथ कार से उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर के दर्शन के लिए जा रही थीं। रास्ते में उनकी कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और छवि व उनकी मां ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
छवि के साथ कार में उनके पिता श्यामलाल, समधी सूरजपाल और ड्राइवर सचिन भी मौजूद थे। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल आगर रेफर किया गया है।
महाकाल दर्शन के लिए निकला था परिवार
जानकारी के मुताबिक, छवि सोमवार देर रात अपने माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ उज्जैन के लिए रवाना हुई थीं। रामाखेड़ी गांव के पास अचानक कार ट्रक से टकरा गई। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ौद पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया।
एनएचएआई की एंबुलेंस से छवि और उनकी मां के शवों को बड़ौद के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
2021 में शुरू किया था यूट्यूब चैनल
छवि पढ़ाई में भी काफी अच्छी थीं और उन्होंने ग्रेजुएशन तक शिक्षा हासिल की थी। उनके चचेरे भाई सचिन के मुताबिक, उन्होंने 2021 में अपना यूट्यूब चैनल शुरू किया था। वह डेली लाइफ व्लॉग्स और ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े वीडियो बनाती थीं।
धीरे-धीरे उनकी पहचान सोशल मीडिया पर बढ़ती गई और यूट्यूब पर उनके 7 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हो गए। इंस्टाग्राम पर भी उनके एक लाख से अधिक फॉलोअर्स थे। किराना दुकान चलाने वाले उनके पिता और परिवार ने हमेशा उनके डिजिटल करियर का समर्थन किया।
एक सड़क हादसे ने परिवार की इस खुशहाल यात्रा को अचानक मातम में बदल दिया। छवि की मौत की खबर से उनके प्रशंसकों और स्थानीय लोगों में भी शोक है।
