Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

लखनऊ में जीका वायरस ने दी दस्तक, दो मरीजों में हुई संक्रमण की पुष्टि

Zika Virus

Zika Virus

उत्तर प्रदेश में कानपुर और कन्नौज के बाद अब राज्य की राजधानी लखनऊ में भी जीका वायरस के संक्रमण की दो मामलों में गुरुवार को पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य महकमा चौकन्ना हो गया है।

लखनऊ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. मनोज अग्रवाल ने यूनीवार्ता को बताया कि हुसैनगंज और एलडीए कालोनी में रहने वाले एक पुरुष और एक महिला में जीका वायरस का संक्रमण होने की पुष्टि हुयी है। स्वास्थ्य विभाग ने केजीएमयू से दोनों मरीजों की जांच रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि होने पर इसके संक्रमण को रोकने के लिये उपाय तेज कर दिये हैं।

डा अग्रवाल ने कहा कि दो मरीजों में जीका वायरस के संक्रमण की पुष्टि होने के बाद लखनऊ में शुक्रवार से अधिक संख्या में नमूने लेकर इनकी जांच करने का निर्देश दिया गया है। इस बीच इन दोनों इलाकों में देर शाम स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर लार्वा रोधी गतिविधियां शुरु कर दी। इसके अलावा आसपास के लोगों को जीका वायरस के संक्रमण से बचने के बारे में जागरूक भी किया गया।

लखनऊ के अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी और संक्रामक रोगों के प्रभारी डा. केपी त्रिपाठी ने बताया कि दोनों संक्रमित मरीज कृष्णा नगर के कॉमन विला में काम कर रहे थे। वहां से एहतियात के तौर पर चार लोगों के नमूने लेकर केजीएमयू भेजे गए थे। इनमें से दो लोगों में जीका वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें से एक पुरुष और एक महिला हैं।

उन्होंने बताया कि दोनों मरीजों की हालत सामान्य हैं। दोनों को घर में ही आइसोलेट रह कर मच्छरदानी के इस्तेमाल सहित अन्य सभी एहतियाती उपायों को अपनाने का निर्देश दे दिया गया है। डा त्रिपाठी ने बताया कि दोनों संक्रमितों के संपर्क में आए अन्य सभी लोगों के नमूने एकत्र किये जा रहे हैं।

सीएम पुष्कर ने किया संस्कृत विश्वविद्यालय में प्रशासनिक भवन का लोकार्पण

उन्होंने बताया कि जीका वायरस के संक्रमा को रोकने के लिये निर्धारित प्रोटोकाॅल के तहत संक्रमितों के संपर्क क्षेत्र में 400 मीटर तक के दायरे में आये लोगों के नमूने लिए जाएंगे। इनमें से किसी में संक्रमण की पुष्टि होने पर फिर एक किलोमीटर तक के दायरे में और उनमें से किसी की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर तीन किलोमीटर तक की परिधि में नमूने लिए जाएंगे।

डा त्रिपाठी ने बताया कि दोनों संक्रमितों के क्षेत्र में एंटी लार्वा समेत अन्य जरूरी संक्रमणरोधी गतिविधियां कर दी गई हैं। उल्लेखनीय है कि लखनऊ जिले में पहले से ही जीका वायरस को लेकर अलर्ट जारी किया जा चुका है। इस दौरान कानपुर और कन्नौज से आने-जाने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

Exit mobile version