Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

भाजपा विचार आधारित पार्टी, अन्य दल परिवार पर चलने वाले : मुख्यमंत्री धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Dhami) ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) विचार आधारित पार्टी है, जबकि अन्य दल परिवार पर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि अब हम दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी हैं, जो कार्यकर्ताओं के लिए गर्व का विषय है।

रविवार को सहारनपुर रोड स्थित एक धर्मशाला में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पार्टी के माइक्रो डोनेशन कार्यक्रम के मौके पर यह बातें कही। इस दौरान मुख्यमंत्री ने रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारे संस्थापकों में जहां डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने एक राष्ट्र एक विधान एक प्रधान के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया, वही पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक व्यवस्था का लाभ पहुंचाने का विचार दिया।

मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि कारगिल युद्ध से पहले प्रत्येक युद्ध में जीतने के बाद भी हमारी सेना के शौर्य को टेबल पर कम किया जाता था। अटल जी के नेतृत्व में सेना ने कारगिल युद्ध धरातल पर भी जीता और कूटनीतिक युद्ध भी जीता।

मुख्यमंत्री ने केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी कार्यकर्ताओं को देते हुए कहा कि भाजपा की केंद्र व उत्तराखंड सरकार जनता से किए संकल्पों को पूरा करेगी।

नकलंक धाम के समारोह में सीएम धामी ने की शिरकत

मुख्यमंत्री ने माइक्रो डोनेशन के विषय पर कहा कि राष्ट्र निर्माण में इसका महत्व है, साथ ही पार्टी को आगे बढ़ाने व चलाने के लिए भी यह आवश्यक है।

इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने माइक्रो डोनेशन का महत्व बताते हुए कहा कि पूर्व में जब हमें पार्टी चलाने के लिए फंड इकट्ठा करना था तो हमने 1 सप्ताह के अंदर 28 करोड़ एकत्रित कर प्रधानमंत्री, राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं शीर्ष नेतृत्व से प्रशंसा प्राप्त की। पार्टी के निरंतर चलने वाले कार्यक्रमों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि विरोधी दल जब तक हमारे एक कार्यक्रम की समीक्षा करते हैं तब तक हमारा अगला कार्यक्रम आरंभ हो जाता है वह पीछा ही करते रह जाते हैं।

संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने कहा कि भाजपा की विचारधारा सबको साथ लेकर चलने वाली विचारधारा है। यही कारण है कि आज हमारे 18 करोड़ सदस्य हैं और केंद्र के साथ-साथ हमारी 18 राज्यों में या तो अपनी सरकारें हैं या एनडीए की। संगठन महामंत्री ने कार्यकर्ताओं से समाज के सभी वर्गों से जुड़ने का आह्वान किया।

Exit mobile version