Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

उत्तराखंड में बर्फबारी से बढ़ी ठिठुरन, इन जिलों में बारिश के आसार

देहरादून। देशभर में मौसम लगातार बदलता नजर आ रहा है। राजधानी दिल्ली, हरियाणा,झारखंड, उत्तर प्रदेश और बिहार में सुबह शाम हल्की ठंड महसूस होने लगी है। इधर तमिलनाडु में भारी बारिश का दौर जारी है। उत्तराखंड में ठंड ने दस्तक दे दी है और तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है। इसी बीच प्रदेश के पांच जिलों में आज मौसम फिर से करवट बदल सकता है। आज मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार, इन जनपदों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जबकि 3500 मीटर से ऊपर के इलाकों में बर्फबारी की भी संभावनाएं हैं। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में उत्तरकाशी-चमोली सहित पांच जिलों में मंगलवार को बारिश की संभावना जताई है। वहीं मौसम का असर पर्वतीय क्षेत्रों पर भी पड़ेगा। गंगोत्री, बदरीनाथ, समेत ऊंचाई वाली चोटियों पर बर्फबारी का सिलसिला जारी है। यहां बीते सोमवार को भी बर्फबारी हुई है।

पहाड़ों पर हुई बर्फबारी, यूपी में बढ़ी ठिठुरन, जानें मौसम का हाल

पिथौरागढ़ के मुनस्यारी की बात करें तो वहां भी अनुमानित समय से एक महीने पहले ही बर्फबारी हो गई है। बर्फबारी से मुनस्यारी में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री पहुंच गया है। मुनस्यारी के उच्च हिमालयी इलाकों पंचाचूली, राजरंभा, मिलम, नंदा देवी, छिपला केदार, पंचाचूली, हंसलिंग, राजरंभा सहित कई अन्य हिस्सों में बर्फ गिरी। हिमपात के बाद मुनस्यारी का न्यूनतम तापमान तीन डिग्री और अधिकतम 12 डिग्री दर्ज किया गया।

भूमध्य सागर से आ रहे पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते एक बार फिर मैदान से लेकर पहाड़ तक मौसम का मिजाज बदला है। मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते राजधानी समेत आसपास के पर्वतीय जिलों में आज बारिश हो सकती है। मौसम के करवट बदलने से ठंड का तेजी से बढ़ना तय है। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को सावधान रहने की अपील की है।

Exit mobile version