Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

कांग्रेस मायावी है, जनता को माया से छलने का काम करेगी : शिवराज

शिवराज सिंह चौहान

शिवराज सिंह चौहान

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आरोप लगाते हुए आज कहा कि कांग्रेस बहुत मायावी है, वह इस उपचुनाव में प्रदेश की जनता को माया से छलने का काम करेंगी, लेकिन जनता उनके किसी भ्रम और बहकावे में नहीं आने वाली है।

श्री चौहान ने जिले के अम्बाह विधानसभा के खजूरी खड़ारा में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित किया। इसके अलावा उन्होंने ग्वालियर के कोटेश्वर मैदान में भी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बहुत मायावी है, जनता को माया से छलने का काम करती है, इसलिए जनता उनके किसी भ्रम और बहकावे में नहीं आए। उन्होंने कहा कि हमने जो वादा किया, उसे निभाया है। हम आगे भी विकास और जनता के कल्याण के कामों में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में जितनी भी जनकल्याणकारी योजनाएं चालू की थीं, उन्हें कांग्रेस सत्ता में आते बंद करवाकर गरीब जनता को लाभ से वंचित कर दिया था। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार पुन: प्रदेश में बनने के बाद हमने सारी योजनाएँ पुनः चालू की है। उन्होंने प्रदेश के किसानों से कहा कि उनकी धान और बाजरे की फसल का एक-एक दाना राज्य की सरकार समर्थन मूल्य पर खरीदेंगी। किसानों का कल्याण ही हमारे जीवन का प्रमुख ध्येय है।

बिहार चुनाव: शिवहर में विधानसभा प्रत्याशी की गोली मारकर हत्या, जानें आपराधिक रिकॉर्ड

श्री चौहान ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2018 के नतीजों के बाद हम चाहते तो कांग्रेस की सरकार नहीं बनने देते। हमारी कुछ ही सीटें कम थीं, लेकिन वोट प्रतिशत ज्यादा था। कांग्रेस ने भी निर्दलीय विधायकों को मिलाकर सरकार बनाई। कई लोग हमारे साथ भी आने को तैयार थे। हमने विचार भी किया, लेकिन हमने तय किया कि कांग्रेस की ज्यादा सीट हैं, इसलिए सरकार भी उन्हें ही बनाने देंगे। हम विपक्ष में ही रहेंगे। उन्होंने कहा कि उम्मीद थी कि कांग्रेस 15 साल बाद सत्ता में लौट रही है। कुछ काम करेगी, लेकिन उसने कुछ नहीं किया।

केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश में आजादी के बाद से ज्यादातर समय देश-प्रदेश की सत्ता में कांग्रेस पार्टी ने निकाला। आजादी के बाद से इनके कई जनप्रतिनिधि आए। इनके पास देश-प्रदेश का नक्शा बदलने और विकास के लिए भरपूर अवसर था, लेकिन इनकी सरकारों ने कभी कोई विकास कार्यों पर ध्यान नहीं दिया।

श्री तोमर ने कहा कि कांग्रेस की सरकारों में हुए विकास कार्य दीया लेकर ढूंढने पर भी दिखाई नहीं देते। विकास कार्यों को करने का काम प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री चौहान के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किया है तो केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज पूरे चंबल अंचल में चाहे सड़क हो, चाहे पुल हो, चाहे रपटा हो, चाहे स्टॉप डेम हो, चाहे विद्युत का स्टेशन हो, चाहे प्रधानमंत्री आवास हो, चाहे बहनों के सशक्तिकरण का मामला हो, यह सब प्रदेश में भाजपा की सरकार में हुआ है।

उच्च न्यायालय  ने 69000 शिक्षक भर्ती में त्रुटि सुधार की अनुमति से किया इंकार

उन्होंने कहा कि भाजपा तुष्टीकरण की राजनीति नहीं करती। भाजपा हमेशा विकास की बात करती है। प्रदेश के किसी भी किसान ने जीरो प्रतिशत ब्याज पर ऋण देने की मांग नहीं की थी, लेकिन श्री चौहान ने जीरो प्रतिशत ब्याज पर ऋण दिया। किसी ने भी गेहूं, धान सहित अन्य फसलों पर बोनस की मांग नहीं की थी, लेकिन श्री चौहान ने दिया। किसी किसान ने मांग नहीं की थी कि हम लोन लेंगे और कम करके वापस देंगे, लेकिन भाजपा सरकार ने योजना बनाई और किसान को लाभ दिया।

इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता प्यारे सिंह तोमर, मुन्ना सिंह भदौरिया, गजेंद्र सिंह, जिनेश जैन, राधेश्याम शर्मा, बच्चूलाल गुप्ता, योगेश पाल गुप्ता, गिर्राज दंडौतिया, कमलेश जाटव, शिवमंगल सिंह तोमर, गजेंद्र सिंह तोमर, मुंशीलाल, रामसेवक सहित पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आमजन मौजूद रहे।

Exit mobile version