Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

CM आवास पर तैनात सिपाही की गोली लगने से मौत, PAC वैन में मिला खून से लथपथ शव

Shot

Shot

लखनऊ। रमाबाई स्थल में बने PAC कैंप में शुक्रवार शाम सिपाही विपिन कुमार (25) की गोली (Bullet) लगने से मौत हो गई। जिस वाहन से वह ड्यूटी से कैंप लौटा था उसी में उसका खून से सना शव मिला। सूचना पर पहुंची आशियाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और उसके परिजनों को जानकारी दी। विपिन वर्तमान में मुख्यमंत्री आवास (CM’s residence) पर तैनात था।

मूलरूप से अलीगढ़ के थाना खैर के अंडला स्थित तेहरा निवासी विपिन कुमार 2021 बैच का पीएसी का सिपाही था। पीएसी की 12वीं बटालियन में उसकी तैनाती थी। वह रमाबाई स्थल पर बने पीएसी कैंप में रहता था। बीते दस दिसंबर से विपिन की ड्यूटी सीएम आवास पर थी।

आशियाना प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि शनिवार सुबह विपिन ड्यूटी पर गया था। शाम छह बजे ड्यूटी के बाद सरकारी वाहन से वह कैंप पहुंचा था। कुछ ही देर बाद गाड़ी के भीतर गोली (Bullet) चलने की आवाज आई। जब साथी सिपाही पहुंचे तो विपिन खून से लथपथ पड़ा मिला। साथी सिपाही व अफसर उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने बताया कि विपिन की कुछ समय पहले ही मौत हो चुकी है। डीसीपी पूर्वी हृदेश कुमार ने बताया कि घटनास्थल की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है।

हत्या, हादसा या खुदकुशी

गोली इंसास राइफल से चली है। फोरेंसिक टीम ने असलहे को जांच के लिए कब्जे में ले लिया है। उससे फिंगर प्रिंट लिए गए हैं। फिलहाल पुलिस हत्या, हादसा व खुदकुशी के पहलू पर जांच कर रही है। हालांकि शुरुआती जांच के बाद उच्चाधिकारी हत्या की आशंका पूरी तरह नकार रहे हैं। हादसा या खुदकुशी की आशंका अधिक जता रहे हैं।

गोली विपिन की गर्दन में लगी और सिर को चीरती हुई निकली। फोरेंसिक जांच में एक तथ्य लगभग स्पष्ट है कि गर्दन से राइफल सटी थी, उसी वक्त गोली चली। बाकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह समेत अन्य तथ्य स्पष्ट होगी।

कच्चे मकान की गिरी दीवार, मलबे में दबकर परिवार के तीन सदस्यों की मौत

जिस सरकारी वाहन से विपिन कैंप पहुंचा था उसमें चालक राजेश कुमार समेत चार लोग सवार थे। पुलिस अफसरों ने इन सभी से पूछताछ की है। गोली चलते वक्त वहां पर कौन मौजूद था। इस बारे में पता किया जा रहा है। क्योंकि विपिन गाड़ी के भीतर ही था यानी जैसे ही वह कैंप पहुंचा था वैसे ही उसको गोली लगी।

अगले सप्ताह होनी थी विपिन की शादी

विपिन के परिवार में उसके पिता रामऔतार, मां और दो बहने हैं। वह इकलौता लड़का था। पिता किसान हैं। विपिन की कमाई से ही घर का खर्च चलता था। पुलिस के मुताबिक, अगले सप्ताह विपिन की शादी होने वाली थी। वह 23 जनवरी से छुट्टी पर जाने वाला था।

 

Exit mobile version