Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

देश की चुनाव प्रक्रिया हर भारतीय के लिए गौरव का विषय : पीएम मोदी

पीएम मोदी

पीएम मोदी

नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव और विभिन्न राज्यों में हुए उपचुनावों में भाजपा की बड़ी जीत का जश्न मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने मंच पर आकर पहले तीन बार ‘भारत माता की जय’ का नारा लगाया। इस दौरान समर्थकों का जोश देखते ही बना। प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं इस महान देश की महान जनता का आभार जताता हूं। यह धन्यवाद इसलिए क्योंकि लोकतंत्र के इस पर्व को हम सभी ने बहुत उत्साह से मनाया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश की चुनाव की प्रक्रिया हर भारतीय के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि हार-जीत अपनी जगह है। इस अवसर पर पूरे देश को बधाई देता हूं। इन चुनावों को सफलतापूर्वक, शांतिपूर्वक कराने के लिए चुनाव आयोग, स्थानीय प्रशासन और सुरक्षाबल बधाई के पात्र हैं।

जेपी नड्डा बोले- बिहार की जनता ने पीएम मोदी के काम पर मुहर लगाई

प्रधानमंत्री मोदी ने सफल चुनाव के लिए पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि मैं हर कार्यकर्ता और उनके परिजनों को बधाई देता हूं। ये चुनावी नतीजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की कुशलता और प्रभावी रणनीति का परिणाम है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि नड्डा जी आगे बढ़ो, हम आपके साथ हैं। इसके बाद गृह मंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने खड़े होकर जेपी नड्डा का अभिवादन किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जनता को कोटि-कोटि धन्यवाद। लोकतंत्र के पर्व को पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। हमारी चुनाव प्रक्रिया देश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव में जनता ने हिंसा, गड़बड़ी और कोरोना के चलते कम मतदान जैसी सारी नकारात्मक आशंकाओं को खारिज कर दिया।

पीएम मोदी ने कहा कि चुनाव भले ही कुछ सीटों और कुछ क्षेत्रों पर हुआ हो, लेकिन कल सुबह से लेकर देर रात तक पूरे देश की नजरें टीवी, सोशल मीडिया और चुनाव आयोग की वेबसाइट पर थीं। लोकतंत्र के प्रति हम भारतीयों की जो आस्था है उसकी मिशाल पूरी दुनिया में कहीं नहीं मिलती है।

प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कल जो नतीजे आए, उन्होंने साबित कर दिया कि आप काम करेंगे तो लोगों से आपको भरपूर आशीर्वाद भी मिलेगा। आप खुद को समर्पित करेंगे, चौबीसों घंटे देश के विकास के बारे में सोचेंगे तो आपको नतीजे मिलेंगे। देश की जनता आपकी मेहनत देख रही है। आपकी तपस्या को देख रही है।

21वीं सदी में सियासत का आधार विकास होगा

मोदी ने कहा कि नतीजों से साफ हो गया कि जनता विकास चाहती है। उन्होंने कहा कि देश का विकास, राज्य का विकास सबसे बड़ी कसौटी है और आने वाले समय में भी चुनावों का आधार यही रहने वाला है। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी में सियासत का आधार विकास होगा। बिहार चुनाव के परिणाम को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि काम करेंगे तो जनता आशीर्वाद भी मिलेगा।

भाजपा पर जनता का भरोसा मेरे लिए, देश के प्रधान सेवक के लिए बहुत बड़ी पूंजी है

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की जनता को सबसे ज्यादा भरोसा भारतीय जनता पार्टी पर है। हम देश के लोगों के हित का काम करते हैं। भाजपा देश के हर वर्ग की जरूरत समझती है। भाजपा दलितों और शोषितों की आवाज है। हम देश को आगे ले जाने वाला हर काम करेंगे। भाजपा पर जनता का भरोसा मेरे लिए, देश के प्रधान सेवक के लिए बहुत बड़ी पूंजी है।

पीएम मोदी ने कहा कि कोरोना के इस संकट काल में ये चुनाव कराना आसान नहीं था, लेकिन हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्थाएं इतनी सशक्त हैं, पारदर्शी हैं कि इस संकट के बीच भी उन्होंने इतना बड़ा चुनाव कराकर दुनिया को भी भारत की ताकत की पहचान करा दी है। मैं इसके लिए चुनाव आयोग को धन्यवाद देता हूं।

Exit mobile version