Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

नेपाल में बाढ़ का कहर, 21 लोगों की मौत, 24 लापता

काठमांडू। नेपाल में भारी बारिश के बाद हालात बेहद खराब हो गए हैं। स्थानीय प्रशासन ने कहा कि, नेपाल में मंगलवार को भारी बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं से 21 लोगों की मौत हो गई है, जबकि लगभग 24 लोग लापता हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों में सैकड़ों परिवारों को अपने घर छोड़कर दूसरे स्थानों पर जाना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, बेमौसम बारिश के कारण आई आपदा से सुदूरपश्चिम प्रांत सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है।

इसके अलावा, कंचनपुर, कैलाली, डोटी, बैतडी, डडेलधुरा और बझांग जिले भी सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। बताया गया है कि, महाकाली, करनाली और सेती नदियों में दशक का सबसे अधिक जल स्तर दर्ज किया गया है, जिससे जानमाल का भारी नुकसान हो रहा है।

उत्तराखंड में कुदरत ने मचाई भारी तबाही, अबतक 47 लोगों की मौत

डोटी के जिला पुलिस कार्यालय के अनुसार, बाढ़ और भूस्खलन की अलग-अलग घटनाओं में कम से कम नौ लोग मारे गए और एक लापता है। कंचनपुर के जिला पुलिस कार्यालय ने कहा कि, बीते दो दिनों में भीमदत्ता और दोधरा चांदनी नगर पालिकाओं में बाढ़ से लगभग 2,600 लोग विस्थापित हुए हैं।

वहीं, नेपाल के गृह मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि, देश के 19 जिले बाढ़ और भूस्खलन से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार, कई राजमार्ग बाधित हो गए हैं जबकि घरेलू उड़ानें निलंबित कर दी गई हैं। बारिश और बाढ़ ने देश के कई हिस्सों में धान की कटाई को बुरी तरह प्रभावित किया है। लगातार बारिश के कारण हजारों हेक्टेयर धान की फसल पानी में डूब गई है।

Exit mobile version