Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

साक्षी महाराज के खाते में पटना के जालसाजों ने लगाई सेंध, दो गिरफ्तार

लोकसभा सांसद और उत्तर प्रदेश के भाजपा नेता साक्षी महाराज के खाते से पटना के जालसाजों ने एक लाख रुपए उड़ा लिए। दिल्ली पुलिस छानबीन करते हुए 2 जालसाजों को पटना से गिरफ्तार कर दिल्ली ले गई है।

दिल्ली पुलिस की टीम ने पटना पुलिस के सहयोग से कंकड़बाग से निहाल सिन्हा और गर्दनीबाग इलाके से दिनेश राय को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस इन्हें पटना से लेकर जा चुकी है। पूछताछ में शातिरों ने कई लोगों को चूना लगाने की बात कबूली है। मामला हाई प्रोफाइल है सो पटना पुलिस दबी जुबान में ही बोल रही है।

शुरू में पुलिस ने बिल्कुल ही चुप्पी साध ली थी। पटना पुलिस के अधिकारियों के अनुसार दिनेश राय इस गिरोह का मास्टरमाइंड रहा है। जबकि निहाल सिन्हा उसका सहयोगी था। महीने पहले जालसाजों ने फर्जी चेक के माध्यम से सांसद साक्षी महाराज के खाते से एक लाख रुपए निकाल लिए थे।

D-33 गैंग ने दी दो पुलिस थाने उड़ाने की धमकी, परिसर के बोर्ड पर चस्पा किया पत्र

पटना के किसी थाने में जालसाजों के खिलाफ केस दर्ज नहीं है। मिली जानकारी के अनुसार निहाल सिन्हा के खाते में सांसद के पैसे स्थानांतरित किए गए थे। सांसद साक्षी महाराज ने इस मामले को लेकर दिल्ली के संसद मार्ग थाना में केस दर्ज कराया था। पुलिस ने प्रारंभिक छानबीन में ही इस बात का पता लगा लिया था कि ठगी के इस मामले में पटना के जालसाज शामिल हैं।

मास्टरमाइंड दिनेश राय पर आरोप है कि उसने फर्जी चेक से खाते से रुपए उड़ाए और फिर उसे निहाल सिन्हा के खाते में ट्रांसफर कर दिया। निहाल पेशे से मजदूर बताया जाता है। सांसद के खाते से पैसे निकालने के बाद 70 हज़ार दिनेश राय ने अपने पास रख लिए थे, जबकि 30 हज़ार निहाल को दिए थे। दिनेश राय एक शातिर ठग बताया जा रहा है। दिनेश राय के साथी को भी ठग बताया जा रहा है जिसकी गिरफ्तारी के बाद साइबर क्राइम के कई मामले उजागर होने की संभावना जताई जा रही है।

Exit mobile version