Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

अवैध संबंध के शक में पति ने पेचकस घोंपकर पत्नी की हत्या

murder

murder

जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में सिरफिरे पति ने पत्नी को पेचकस घोंप कर हत्या (Murder) कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी पति पर दहेज हत्या का मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। महिला को एक सप्ताह पूर्व ऑपरेशन से बच्ची पैदा हुई थी।

सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के जमालपुर गांव निवासी कालीचरण की बेटी सोनम ने 25 मार्च 2021 को पड़ोसी गांव रामपुर डेरवा गांव निवासी आकाश गौतम पुत्र राकेश गौतम के साथ प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद से ही पति पत्नी के बीच परिवार में एक लोगों के अवैध संबंधों को लेकर अक्सर विवाद होता था। गांव वालों की माने तो आकाश अपने पिता पर ही शक करता था। जिसके लिए पत्नी की अक्सर पिटाई भी करता था।

पिटाई की वजह से सोनम अक्सर अपने मायके चली जाती थी। बाद में मान मनौवल के बाद आकाश उसे लेकर आ जाता था। यह सिलसिला शादी के बाद से ही चल रहा था। एक सप्ताह पूर्व सोनम को ऑपरेशन से बेटी पैदा हुई थी। जिसे वह अपनी बेटी भी नहीं मानता था और इसके लिए दोनों के बीच नोकझोंक हो रही थी।

इस बीच बीती रात आकाश ने पत्नी सोनम की पेचकस घोंप कर हत्या (Murder) कर दी। घटना की जानकारी पर मृतक विवाहिता के पिता ने परिवार के लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत करते हुए पति को हिरासत में ले लिया।

घटना के संबंध में मंगलवार को अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि रामपुर के डेरवा गांव में एक महिला की ससुराल में मौत हो गई है। 1 साल पहले उसकी शादी हुई थी, मायके वालों ने ससुराल वालों के ऊपर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही की जा रही है।

Exit mobile version