Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

पर्दे के मिल्खा का ‘मिल्खा सिंह’ को आखिरी सलाम, शेयर किया भावुक पोस्ट

पूरे विश्व में अपनी अमिट छाप छोड़ने वाले भारत के महान एथलीट मिल्खा सिंह का शुक्रवार देर रात निधन हो गया। उन्होंने चंडीगढ़ के पीजीआई अस्पताल में अंतिम सांस ली। मिल्खा सिंह इस दुनिया को अलविदा कह गए है, लेकिन उन्होंने देश के प्रति अपना जो योगदान दिया है उसके लिए उन्हें हमेशा याद किया जायेगा।

मिल्खा सिंह के जीवन से प्रेरणा लेकर ही बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता व फिल्ममेकर फरहान अख्तर ने एक फिल्म बनाई थी ‘भाग मिल्खा भाग’। 12 जुलाई, 2013 को रिलीज हुई यह फिल्म फरहान अख्तर की जिंदगी के सबसे महत्वपूर्ण फिल्मों में से एक है। इस फिल्म में फरहान अख्तर ने मिल्खा सिंह का किरदार निभाया था।  राकेश ओमप्रकाश मेहरा के निर्देशन में बनीं इस फिल्म को दर्शकों ने बहुत पसंद किया था। वहीं युवा पीढ़ी इस फिल्म से काफी प्रभावित हुई थी। मिल्खा सिंह के निधन ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। हर कोई उन्हें नम आँखों से देश के इस महान सुपुत्र को श्रंद्धाजलि दे रहा हैं।

यादें: आजाद भारत में सोने का तमगा वाला पहले खिलाड़ी थे मिल्खा सिंह

वहीं, फरहान अख्तर ने फ्लाइंग सिख को बेहद भावुक शब्दों  के साथ आखिरी सलाम दिया हैं। फरहान अख्तर ने इंस्टाग्राम पर मिल्खा सिंह के साथ अपनी एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा-‘ सबसे प्यारे मिल्खा जी, मेरा एक हिस्सा अब भी यह मानने को तैयार नहीं है कि अब आप इस दुनिया में नहीं रहे। शायद यह वह जिद्दी हिस्सा है  जो मैंने आपसे लिया है…वह हिस्सा जो एक बार किसी चीज को ठान लेता है तो उसे बिना पूरा किए हार नहीं मानता। और सच तो यह है कि आप हमेशा जिंदा रहेंगे। क्योंकि आप बड़े दिलवाले इंसान से कहीं ज्यादा प्यार देने वाले और जमीन से जुड़े इंसान थे। आपने एक सोच का, एक सपने का प्रतिनिध‍ित्व किया है। आपके शब्दों में कहें तो आपने ‘कैसे मेहनत, सच्चाई और दृढ़ निश्चय से एक व्यक्त‍ि अपने घुटनों से ऊपर उठकर आसमान को छू सकता है। आपने हम सबकी जिंदगी को छुआ है। वे लोग जो आपको एक पिता और दोस्त के समान जानते थे, उनके लिए यह एक आशीर्वाद था। और जो नहीं जानते थे उनके लिए आप एक निरंतर बहने वाली प्रेरणा और सफलता में विन्रमता का उदाहरण थे। दिल की गहराइयों से आपको प्यार।’

मिल्खा सिंह 1958 राष्ट्रमंडल खेलों के चैंपियन रह चुके हैं। मिल्खा सिंह सिर्फ खेल जगत तक ही सीमित नहीं थे, पूरी दुनिया में उनके लाखों चाहने वाले हैं। वह हर किसी के लिए एक प्रेरणा हैं। मिल्खा सिंह का निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति है। 13 जून को मिल्खा सिंह की  पत्नी और पूर्व वॉलीबाल नेशनल कैप्टन निर्मल कौर का निधन हुआ था और अब देश ने अपने अनमोल रत्न मिल्खा सिंह को खो दिया । मिल्खा सिंह के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है।

Exit mobile version