Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

विजय के माध्यम से जनता ने हमें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है : शिवराज

मध्यप्रदेश के 28 विधानसभा उपचुनावों में सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ऐतिहासिक और शानदार विजय के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज इसे शालीनता और विनम्रता की विजय तथा दंभ और अहंकार की पराजय करार दिया।

उपचुनाव में 28 में से भाजपा की 19 पर विजय सुनिश्चित मानी जा रही है। भाजपा के वर्तमान में 107 विधायक हैं और इन 19 के साथ संख्या बढ़कर 126 रिपीट 126 हो जाएगी। जबकि दो सौ तीस सदस्यीय विधानसभा में स्पष्ट बहुमत के लिए न्यूनतम 116 विधायकों की आवश्यकता है।

हजारों कार्यकर्ताआेें की मौजूदगी में प्रदेश भाजपा मुख्यालय पहुंचे श्री चौहान ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा का नाम लेते हुए उनके प्रति भी आभार व्यक्त किया। श्री चौहान ने कहा कि उपचुनाव में जनता ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार के कार्यों पर मुहर लगायी है। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा और अन्य नेता एवं पदाधिकारी भी मौजूद थे।

‘स्कूबी डू’ कार्टून के सह निर्माता का निधन, लुई बॉडी डिमेंशिया से पीड़ित थे

श्री चौहान ने कहा कि उपचुनाव कई मायनों में ऐतिहासिक हैं। जनता ने भाजपा के 15 सालों और वर्तमान में सात माह के कार्यों पर मुहर लगाने के साथ ही 15 माह की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यों को नकार दिया है। इसके अलावा कांग्रेस ने जिस तरह से गद्दार, बिकाऊ और अन्य तरह के स्तरहीन आरोप लगाए थे, उन्हें भी जनता ने नकारते हुए कांग्रेस को सबक सिखाया है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश को भ्रष्टाचार का अड्डा बनाने वाली कांग्रेस को जनता ने पूरी तरह नकार दिया और मात्र सवा साल बाद भाजपा पर फिर से और मजबूती के साथ भरोसा जताया है। इसलिए हम सभी की जिम्मेदारी राज्य की सात करोड़ से अधिक आबादी के प्रति और अधिक बढ़ जाती है।

श्री चौहान ने कहा कि अब भले ही जान चली जाए, लेकिन जनता के विश्वास को नहीं टूटने दिया जाएगा। चुनाव में शालीनता और विनम्रता जीती है। दंभ और अहंकार को पराजित होना पड़ा है। पूर्ववर्ती सरकार ने राज्य में दलालों का अड्डा बना दिया था। विकास कार्य बंद कर दिए थे। वे झूठे आरोप लगा रहे थे।

रुद्रा ट्रेडर्स ने व्यापार विस्तार के लिए जनसम्पर्क कार्यक्रम का किया आयोजन

श्री चौहान ने कहा कि उपचुनाव के नतीजों ने श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के नेतृत्व में तत्कालीन कांग्रेस विधायकों द्वारा कमलनाथ सरकार के गिराने के निर्णय को भी उचित ठहराते हुए अपनी मुहर लगा दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उपचुनाव में भाजपा को कांग्रेस के मुकाबले 11 प्रतिशत अधिक वोट (कुल लगभग 51 प्रतिशत) मिले हैं, जो इस राज्य में अभी तक नहीं हुआ। भाजपा प्रत्याशी 63 हजार, 51 हजार और इस तरह के बड़े बड़े अंतर से जीते हैं। यदि हम हारे हैं तो वो भी काफी कम मार्जिन से।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘आत्मनिर्भर भारत’ बनाने के लिए ‘आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश’ बनाना आवश्यक है और इसके लिए हम बगैर पल गंवाए कार्य प्रारंभ कर रहे हैं। उन्होंने पार्टी की ऐतिहासिक विजय को राज्य की जनता और कार्यकर्ताओं को समर्पित करते हुए कहा कि कार्यकर्ता भी इस विजय को विनम्रता से स्वीकार करें। विजय के माध्यम से जनता ने हमें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।

इसके बाद श्री चौहान ने मीडिया से चर्चा में भी लगभग सभी बातें दोहरायीं और कहा कि वे केंद्रीय नेतृत्व का अभिनंदन करना चाहते हैं, क्योंकि बिहार और अन्य राज्यों के चुनावों तथा उपचुनावों में भी भाजपा को बेहतर सफलता हासिल हुयी है। यह प्रधानमंत्री के कार्यों पर जनता की मुहर है।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह द्वारा चुनाव परिणाम आने के बीच इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) पर सवाल उठाए जाने के संबंध में श्री चौहान ने कहा कि श्री सिंह की सोच उन्हें समझ नहीं आती है। वे किसी भी फैसले को ढंग से स्वीकार नहीं करते हैं। जबकि श्री कमलनाथ ने जनता का फैसला स्वीकार कर लिया है।

Exit mobile version