Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

Presidential Election: NDA प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू आज करेंगी नामांकन, पीएम मोदी बनेंगे प्रस्तावक

Draupadi Murmu

Draupadi Murmu

नई दिल्ली। राष्ट्रपति पद के चुनाव (Presidential Election) में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार झारखंड की पूर्व राज्यपाल और आदिवासी नेता द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) शुक्रवार को नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। उनके अपराह्न 12 बजे नामांकन पत्र दाखिल करने की संभावना है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा उनके प्रस्तावक हैं। द्रौपदी मुर्मू (64) को मंगलवार को भाजपा की सर्वोच्च नीति निर्धारक संस्था संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उम्मीदवार घोषित किया था। वो गुरुवार को राजधानी दिल्ली पहुंचीं। हवाई अड्डे पर उनका स्वागत भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता, सांसद मनोज तिवारी और दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता रमेश बिधूड़ी आदि ने किया। मुर्मू ओडिशा भवन में ठहरी हैं। दिल्ली पहुंचने के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री शाह से मुलाकात की ।

नई दिल्ली रवाना होने से पहले ओडिशा में द्रौपदी मुर्मू ने कहा- ‘मैं सभी का धन्यवाद करती हूं और सभी से राष्ट्रपति चुनाव के लिए सहयोग मांगती हूं। मैं 18 जुलाई से पहले सभी मतदाताओं (सांसदों) से मिलूंगी और उनका समर्थन मांगूंगी।’ उनके नामांकन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिंह आदि दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे।

राष्ट्रपति पद की NDA प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू के नामांकन में शामिल होंगे सीएम योगी

उल्लेखनीय है कि उनका चुनाव जीतना महज औपचारिकता भर रह गया है। अगर वो चुनाव जीतती हैं तो देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति और इस पद को सुशोभित करने वाली दूसरी महिला होंगी।

राष्ट्रपति पद के लिए मतदान 18 जुलाई को होगा। वर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है। राष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्षी दलों की ओर से संयुक्त उम्मीदवार पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा हैं। राष्ट्रपति चुनाव में संख्या बल के आधार पर भाजपा नीत राजग मजबूत स्थिति में है।

Exit mobile version