बिना शराब हुई शादी तो मिला इतना शगुन, पूर्व सैनिक की अनूठी पहल

हिमाचल प्रदेश में नशामुक्त विवाह को बढ़ावा देने के लिए एक पूर्व सैनिक ने अनूठी पहल शुरू की है। पंचायत समिति चौंतड़ा के वार्ड नंबर-9 टिकरू के सदस्य दलीप सिंह शराब मुक्त शादी करने वाले परिवारों को अपनी सैन्य पेंशन से 11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दे रहे हैं।
बीती 25 नवंबर को खजूर गांव में पल्लवी की शादी बिना शराब परोसे संपन्न हुई। इस पहल से खुश होकर दलीप सिंह ने अपने संकल्प के अनुसार परिवार को 11 हजार रुपये शगुन के रूप में भेंट किए।
ग्राम सभा में किया था प्रोत्साहन राशि देने का एलान
दलीप सिंह ने अगस्त में ग्राम पंचायत मैण भरोला की ग्राम सभा में घोषणा की थी कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार अपनी बेटियों की शादी बिना शराब के करेंगे तो उन्हें 11 हजार रुपये दिए जाएंगे। इससे पहले भी एक परिवार ने ऐसी शादी की थी, लेकिन उसने सम्मानस्वरूप राशि लेने से इनकार कर दिया था।
शादियों में शराब से बढ़ता है आर्थिक बोझ
दलीप सिंह का कहना है कि विवाह समारोहों में शराब परोसने से नशे को बढ़ावा मिलता है और गरीब व मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। उनका उद्देश्य लोगों को नशामुक्त और सादगीपूर्ण विवाह के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने अपने पांच साल के बीडीसी मानदेय को भी जरूरतमंदों की सेवा में समर्पित करने का संकल्प लिया है। उनकी यह पहल क्षेत्र में सामाजिक जागरूकता की मिसाल बन रही है।
Facebook टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें
टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।
