सोभा सिंह को राष्ट्रीय सम्मान, जारी होगा 125 रुपये का सिक्का

महान चित्रकार सोभा सिंह को केंद्र सरकार विशेष सम्मान देने जा रही है। उनकी 125वीं जयंती के अवसर पर केंद्र ने 125 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करने का फैसला किया है। इस संबंध में 25 नवंबर को भारत के राजपत्र में अधिसूचना भी जारी कर दी गई है।
29 नवंबर 1901 को तत्कालीन पंजाब के श्री हरगोबिंदपुर में जन्मे सोभा सिंह ने हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के अंद्रेटा को अपनी कर्मस्थली बनाया था। उनकी कला ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। सोहनी-महिवाल, हीर-रांझा और गुरु नानक देव जी पर आधारित उनकी पेंटिंग आज भी काफी लोकप्रिय हैं।
ऐसा होगा 125 रुपये का स्मारक सिक्का
स्मारक सिक्का वृत्ताकार होगा और इसे 60 प्रतिशत तांबा, 20 प्रतिशत निकिल तथा 20 प्रतिशत जस्ता मिलाकर तैयार किया जाएगा। इसके एक हिस्से पर अशोक स्तंभ का सिंह चिह्न और 'सत्यमेव जयते' अंकित होगा, जबकि सिक्के पर सोभा सिंह का चित्र भी प्रदर्शित किया जाएगा।
इस फैसले पर सोभा सिंह सोसायटी के अध्यक्ष केजी बुटेल और सदस्यों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सहित अन्य नेताओं का आभार जताया है। यह सिक्का भारतीय कला जगत में सोभा सिंह के योगदान और उनकी सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान देने का प्रतीक होगा।
Facebook टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें
टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।
