उत्तर प्रदेशसिद्धार्थनगर

घर बना ‘नागलोक’! सिद्धार्थनगर में एक के बाद एक निकले 30 सपोले

सिद्धार्थनगर: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के बर्डपुर ब्लॉक स्थित करीमपुर महापाली गांव में मंगलवार रात एक ऐसा घटनाक्रम सामने आया, जिसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया। अजय गुप्ता के घर में अचानक सांप के बच्चे (Snakelets) निकलने शुरू हुए और देखते ही देखते उनकी संख्या 30 तक पहुंच गई। लगातार सपोले निकलते देख परिवार के लोग पूरी रात दहशत में रहे।

परिजनों के अनुसार, सबसे पहले एक सपोला दिखाई दिया, जिसे किसी तरह बाहर निकाला गया। लेकिन कुछ ही देर बाद दूसरा, फिर तीसरा और इसके बाद लगातार सांप के बच्चे निकलने लगे। स्थिति बिगड़ती देख परिवार ने एहतियातन घर के उस हिस्से को बंद कर दिया और किसी को भी वहां जाने नहीं दिया।

बुधवार सुबह सूचना मिलने पर स्नेक कैचर मौके पर पहुंचा। उसने घर के अलग-अलग हिस्सों की गहन तलाशी ली और कुल 30 सपोलों को सुरक्षित पकड़ लिया। आशंका जताई जा रही है कि घर के भीतर किसी सुरक्षित जगह पर सांप ने अंडे दिए थे, जिनसे हाल ही में बच्चे निकले हैं। हालांकि, अंडों का सटीक स्थान नहीं मिल सका।

सभी सपोलों को सुरक्षित डिब्बे में रखकर जंगल में छोड़ दिया गया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन एक साथ इतने सांप के बच्चे निकलने से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीण भी इस घटना को लेकर हैरानी जता रहे हैं।

Related Articles

Back to top button