अंतर्राष्ट्रीय

Pakistan Train Hijack: 104 बंधकों को पाकिस्तानी सेना ने छुड़ाया, 16 BLA लड़ाके ढेर

पाकिस्तानी सेना ने मंगलवार को अशांत बलूचिस्तान प्रांत में आतंकी संगठन बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) द्वारा ट्रेन (Pakistan Train Hijack) में बंधक बनाए गए 104 यात्रियों को छुड़ा लिया है। इस दौरान सेना ने 16 आतंकवादियों को मुठभेड़ में मार गिराया है, जबकि अन्य यात्रियों को भी आतंकवादियों से मुक्त कराने का ऑपरेशन जारी है। इस बीच आतंकी संगठन ने दावा किया है कि उन्होंने 214 यात्रियों को बंधक बनाया है और 30 पाकिस्तानी सैनिकों की हत्या भी कर दी है।

पाकिस्तानी सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, नौ डिब्बों में लगभग 500 यात्रियों को लेकर जाफर एक्सप्रेस (Jaffar Express) क्वेटा से खैबर पख्तूनख्वा के पेशावर जा रही थी। इस दौरान मंगलवार सुबह गुदलार और पीरू कोनेरी इलाकों के बीच ट्रेन (Pakistan Train Hijack) पर आतंकवादियों ने फायरिंग की गई।

बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने कहा, ‘‘सुरक्षा बलों ने एक डिब्बे से 80 यात्रियों – 43 पुरुष, 26 महिलाएं और 11 बच्चों – को छुड़ाने में कामयाबी हासिल की है।’’ इसके बाद 24 अन्य यात्रियों को भी छुड़ाया गया।

रिंद ने बताया कि करीब 400 यात्री अभी भी ट्रेन में ही हैं, जो सुरंग के अंदर है। सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ जारी है। उन्होंने कहा कि पेशावर जाने वाली यात्री ट्रेन पर ‘‘भीषण’’ गोलीबारी की खबरों के बीच बचाव दल को मौके पर भेजा गया है। इस बीच, पाकिस्तान रेलवे ने क्वेटा रेलवे स्टेशन पर एक आपातकालीन डेस्क स्थापित किया है क्योंकि चिंतित रिश्तेदार अपने प्रियजनों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए पहुंच रहे हैं।

Related Articles

Back to top button