ICSE ने रद्द की 10वीं की परीक्षा, 12वीं की अगले आदेश तक स्थगित
कोरोना के कारण अब सीआईएससीई बोर्ड ने 10वीं की परीक्षाएं कैंसिल कर दी हैं। पहले बोर्ड के नोटिफिकेशन में कक्षा 10वीं के छात्रों के लिए परीक्षा वैकल्पिक रखी गई थी।
कक्षा 10वीं के जो छात्र परीक्षा में उपस्थित नहीं होना चाहते हैं, बोर्ड उनके लिए विशेष मूल्यांकन पद्वति से परिणाम तैयार करेगा। वहीं, जो छात्र परीक्षा देना चाहते हैं वे कक्षा 12वीं के छात्रों के साथ परीक्षा में भाग ले सकेंगे।
सीआईएससीई बोर्ड की ओर से पहले ही 12वीं की परीक्षाएं स्थगित करने की घोषणा की जा चुकी है। बोर्ड की ओर से कहा गया था कि कक्षा 12 परीक्षा (ऑफलाइन) बाद में आयोजित की जाएगी। इसके लिए जून में तारीख घोषित की जा सकती है।
सीआईएससीई बोर्ड की 10वीं की परीक्षा 04 मई से शुरू होने वाली थी। इसका आखिरी पेपर 07 जून को होना था। जबकि 12वीं की परीक्षा 8 अप्रैल से जारी थी और इसका समापन 18 जून को होना था।
बता दें कि सीआईएससीई दो बोर्ड्स से मिलकर बना है। इसके तहत 10वीं की परीक्षा आईसीएसई बोर्ड के और 12वीं की आईएससी बोर्ड के अंतर्गत होती है।



