देहरादून। दून विश्वविद्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Dhami) ने छात्र-छात्राओं के साथ संवाद कर युवाओं की आकांक्षाओं, रोजगार, उच्च शिक्षा और तकनीकी बदलावों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान विद्यार्थियों ने पलायन रोकने, युवाओं को रोजगार से जोड़ने, उत्तराखंड को उच्च शिक्षा का हब बनाने, विज्ञान एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं तथा देहरादून में बढ़ती यातायात समस्या जैसे विषयों पर मुख्यमंत्री से सवाल किए।
पलायन और रोजगार से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में रिवर्स माइग्रेशन की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। सरकार युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से काम कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना के साथ पर्यटन, उद्योग और फिल्म नीति के जरिए रोजगार की नई संभावनाएं विकसित किए जाने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को भी सशक्त किया जा रहा है, ताकि स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर बढ़ाए जा सकें और अधिक से अधिक लोगों को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ा जा सके।
उच्च शिक्षा और विज्ञान के क्षेत्र में विस्तार पर जोर
उत्तराखंड को उच्च शिक्षा का हब बनाने से संबंधित सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उच्च शिक्षण संस्थानों के आधुनिकीकरण के साथ ही आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने देहरादून में विकसित की जा रही साइंस सिटी का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में युवाओं के लिए नए अवसर तैयार होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक वैज्ञानिक संसाधनों और शोध के बेहतर अवसर उपलब्ध होने से प्रदेश के विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए राज्य में ही बेहतर मंच मिल सकेगा।
एआई के दौर में युवाओं को बदलना होगा कौशल
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और तेजी से बदलती तकनीक के बीच रोजगार के भविष्य को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीकी बदलावों के साथ रोजगार का स्वरूप भी बदल रहा है। एक ओर पारंपरिक क्षेत्रों में बदलाव हो रहा है, तो दूसरी ओर नई तकनीकों के कारण रोजगार के नए क्षेत्र भी तेजी से उभर रहे हैं।
उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे बदलती तकनीक के अनुरूप अपने कौशल को लगातार अपडेट करें और ‘फ्यूचर रेडी’ बनें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार भी युवाओं को आधुनिक कौशल, तकनीक और रोजगार की बदलती जरूरतों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
एलिवेटेड रोड से ट्रैफिक समस्या के समाधान की उम्मीद
देहरादून में लगातार बढ़ती यातायात और जाम की समस्या पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इसके स्थायी समाधान की दिशा में गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने बिंदाल और रिस्पना नदी के ऊपर एलिवेटेड रोड परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके निर्माण से शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और जाम की समस्या कम करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से संवाद के दौरान कहा कि उत्तराखंड के विकास में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। बदलती अर्थव्यवस्था, तकनीक और रोजगार के नए अवसरों को देखते हुए युवाओं को शिक्षा के साथ कौशल, नवाचार और उद्यमिता पर भी ध्यान देना होगा।









