देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस पर बुधवार को देहरादून में आयोजित युवा संकल्प दिवस कार्यक्रम में युवाओं ने उत्साह के साथ उनका स्वागत किया और जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने ‘युवा हृदय सम्राट’, ‘धुरंधर धामी’, ‘धाकड़ धामी’ और ‘धर्मरक्षक धामी’ जैसे नारों के साथ मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री धामी के जन्मदिवस को लेकर आयोजित कार्यक्रम में युवाओं का उत्साह देखते ही बना। बड़ी संख्या में पहुंचे युवाओं ने मुख्यमंत्री के साथ जन्मदिन की खुशियां साझा कीं और उनके दीर्घायु होने की कामना की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के कार्यकाल में लिए गए विभिन्न निर्णयों और सरकार की योजनाओं की भी चर्चा हुई। इनमें भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए लागू नकल विरोधी कानून प्रमुख रूप से शामिल रहा। राज्य सरकार के अनुसार इस कानून में दोषी पाए जाने पर 10 वर्ष तक की सजा और 10 लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।
उत्तराखंड में 27 जनवरी 2025 से समान नागरिक संहिता लागू की गई। इसके साथ उत्तराखंड स्वतंत्र भारत में समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य बना।
सरकार की ओर से भूमि संरक्षण के लिए 2025 में लागू किए गए संशोधित भूमि कानून, उत्तराखंड की महिलाओं को सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, जबरन धर्मांतरण के खिलाफ कानून तथा दंगों में सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से क्षतिपूर्ति वसूली के प्रावधानों को भी प्रमुख निर्णयों के रूप में रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम में युवाओं ने मुख्यमंत्री के प्रति अपने उत्साह और समर्थन का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न नारों के साथ उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर युवाओं की भागीदारी और उत्साह कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा।








