उत्तर प्रदेश के कारोबारी और उद्योग जगत में लगातार बढ़ते विस्तार की तस्वीर M3M Hurun India Rich List 2026 में भी दिखाई दी है। इस बार यूपी से जुड़े 11 नए कारोबारी सूची में शामिल हुए हैं, जबकि छह नाम बाहर हो गए हैं। नई एंट्री के बाद सूची में यूपी से जुड़े धनकुबेरों की संख्या बढ़कर 46 हो गई है।
नोएडा, कानपुर, आगरा, गोरखपुर, प्रयागराज और मिर्जापुर समेत कई शहरों के कारोबारियों ने इस सूची में जगह बनाई है। इससे संकेत मिलता है कि प्रदेश में बड़े कारोबार का दायरा पारंपरिक कारोबारी केंद्रों से आगे बढ़ रहा है।
नोएडा से तीन नए नाम
नोएडा से इस बार तीन नए कारोबारी सूची में शामिल हुए हैं। इनमें एस्टोटेक के पुनीत गुप्ता, एस इंफ्रा के अजय कुमार और एनान्दिता मेडिकेयर के अनुपम घोष शामिल हैं।
इनकी मौजूदगी से नोएडा में रियल एस्टेट, इंफ्रास्ट्रक्चर और हेल्थकेयर जैसे क्षेत्रों के बढ़ते कारोबारी आधार की तस्वीर सामने आती है।
कानपुर के चार कारोबारियों की एंट्री
कानपुर से राज कुमार लोहिया, सोम प्रकाश गोयनका, सुरेंद्र कुमार गुप्ता और गोपाल गुप्ता को नई सूची में जगह मिली है। ये कारोबारी क्रमशः लोहिया कॉर्प, शुभम गोल्डी मसाले और केसर इंडिया जैसे कारोबार से जुड़े हैं।
कानपुर के इन नामों से शहर की औद्योगिक और एफएमसीजी क्षेत्र में मौजूद कारोबारी गतिविधियों का भी पता चलता है।
मिर्जापुर के गोविंदजी गुप्ता की कहानी
मिर्जापुर से MBC Exports Limited के प्रबंध निदेशक गोविंदजी गुप्ता भी नए नामों में शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने 2011 में कंपनी की शुरुआत की थी, जो कपड़ा निर्माण, तैयार परिधान और निर्यात के कारोबार से जुड़ी है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि कंपनी का कारोबार भारत के अलावा यूरोप, खाड़ी देशों और अफ्रीकी बाजारों तक फैला है। परिवार के पुराने कपड़ा कारोबार को आगे बढ़ाते हुए गोविंदजी गुप्ता ने मैन्युफैक्चरिंग, मार्केटिंग और एक्सपोर्ट को एक साथ विस्तार दिया।
नोएडा में कौन-कौन बड़े कारोबारी?
रिपोर्ट के अनुसार नोएडा से जुड़े कारोबारियों में आदित्य खेमका की संपत्ति करीब 32,200 करोड़ रुपये बताई गई है। वहीं पुनीत गुप्ता की संपत्ति करीब 7,900 करोड़ रुपये, हितेश ओबेरॉय की 7,600 करोड़ रुपये और अजय कुमार की करीब 6,200 करोड़ रुपये बताई गई है।
सूची में यशिशा दहिया, दिनेश चंद्र अग्रवाल, अजय कुमार त्यागी और मनोज अग्रवाल समेत कई अन्य कारोबारी भी शामिल हैं।








