• About us
  • Privacy Policy
  • Disclaimer
  • Terms & Conditions
  • Child Safety Policy
  • Contact
24 Ghante Latest Hindi News
Advertisement
  • होम
  • राष्ट्रीय
    • उत्तराखंड
    • उत्तर प्रदेश
    • पंजाब
    • हरियाणा
    • छत्तीसगढ़
    • राजस्थान
    • हिमाचल प्रदेश
  • राजनीति
  • अंतर्राष्ट्रीय
  • क्राइम
  • मनोरंजन
  • शिक्षा
  • स्वास्थ्य
  • धर्म
  • होम
  • राष्ट्रीय
    • उत्तराखंड
    • उत्तर प्रदेश
    • पंजाब
    • हरियाणा
    • छत्तीसगढ़
    • राजस्थान
    • हिमाचल प्रदेश
  • राजनीति
  • अंतर्राष्ट्रीय
  • क्राइम
  • मनोरंजन
  • शिक्षा
  • स्वास्थ्य
  • धर्म
No Result
View All Result

समाजवादी पार्टी हो या कांग्रेस, दोनों शिक्षा विरोधी: सीएम योगी

Writer D by Writer D
15/10/2026
in उत्तर प्रदेश, मिर्जापुर
0
14
SHARES
176
VIEWS
Share on FacebookShare on TwitterShare on Whatsapp

मीरजापुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर शिक्षा विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी हो या कांग्रेस, ये दोनों शिक्षा विरोधी हैं। ऐसा न होता तो प्रदेश में शिक्षा की ये दुर्गति नहीं होती। शिक्षा में अव्यवस्था होने पर सबसे पहले शिक्षकों का सम्मान प्रभावित होता है। स्नातक युवाओं के सामने भविष्य की चिंता खड़ी होती है, वे हताश और निराश होते हैं, पलायन पर मजबूर होते हैं। समाजवादी पार्टी के समय प्रदेश में यही सब हुआ। विश्वविद्यालय नहीं खोले गए, महाविद्यालयों को मान्यता नहीं दी गई और अराजकता चरम पर थी। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन और प्रदेश सरकार के प्रयासों से शिक्षा व्यवस्था में सुधार हो रहा है, युवाओं को नौकरी मिल रही है, शिक्षकों को सम्मान और सुरक्षा मिल रही है तथा शिक्षण संस्थानों का कायाकल्प किया जा रहा है।

2017 के पहले नहीं था कोई विजन

मुख्यमंत्री ने मीरजापुर में आयोजित शिक्षक सम्मेलन में कहा कि विंध्यवासिनी धाम की पावन धरती श्रद्धा और आस्था का प्रतीक है। शारदीय नवरात्रि में लाखों श्रद्धालु मां विंध्यवासिनी, मां अष्टभुजी और काली खोह में मां काली के दर्शन, पूजा-अर्चना कर मातृशक्ति के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त कर रहे हैं। मोदी जी के नेतृत्व में मां विंध्यवासिनी धाम में भव्य कॉरिडोर का निर्माण हो चुका है। मां गंगा के पावन घाटों का निर्माण कार्य भी पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है। ये सुविधाएं वर्ष 2017 से पहले भी दी जा सकती थीं, लेकिन तब इस धनराशि का दुरुपयोग माफिया को पालने और गरीबों की जमीनों पर कब्जा करने के लिए किया जाता था। हमारी सरकार ने उसी धनराशि का दुरुपयोग रोका और उसे विकास कार्यों में लगाया। इसी का परिणाम है कि प्रतिदिन दो लाख श्रद्धालु मां विंध्यवासिनी धाम आ रहे हैं। इसके लिए इच्छाशक्ति और वोट बैंक की राजनीति से ऊपर उठकर निर्णय लेने की सामर्थ्य चाहिए, लेकिन आजादी के बाद सत्ता में आए लोगों के पास कोई स्पष्ट विजन या दिशा नहीं थी।

कांग्रेस-सपा सिर्फ परिवार तक सीमित रहीं

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस व सपा में हर काम परिवार के नाम और परिवार तक सीमित रखने की प्रवृत्ति रही। कांग्रेस केवल नेहरू परिवार के लिए और समाजवादी पार्टी सैफई परिवार तक सीमित रही। इन लोगों ने प्रदेश को बेगाना बना दिया था और इसीलिए जनता ने इन्हें बेगाना बना दिया, इनकी छुट्टी कर दी। सपा का वास्तविक चेहरा देखना हो तो राज्यसभा में इसके प्रत्याशियों के चयन को देखिए। ये पीडीए-पीडीए चिल्लाते हैं, लेकिन जब राज्यसभा चुनाव आए तो अपने चचाजान और मुंबई के धन्ना सेठ को प्रत्याशी बना दिया। इन्हें कोई और दलित, वंचित, पिछड़ा या अगड़ा नहीं दिखाई दिया। अगर इन वर्गों पर विश्वास नहीं था तो कम से कम किसी मुस्लिम को ही प्रत्याशी बना देते, लेकिन उसे भी नहीं बनाया। इसके विपरीत भारतीय जनता पार्टी ने आठ टिकट दिए, जिनमें तीन फॉरवर्ड, तीन बैकवर्ड और दो अनुसूचित जाति के प्रत्याशी थे। पार्टी ने सामान्य कार्यकर्ताओं को अवसर दिया, किसी धन्ना सेठ को नहीं, क्योंकि कार्यकर्ता मेहनत करता है और अपना समय देता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में एनडीए ने आठ प्रत्याशी दिए और आठों जीते। सपा ने परिवार और धन्ना सेठ को टिकट दिया, जिसका परिणाम यह हुआ कि पीडीए की हवा निकल गई।

रिश्तेदार को बना दिया था आयोग का अध्यक्ष

सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के समय अनिल यादव नाम के व्यक्ति थे, जो सैफई परिवार के रिश्तेदार थे। वह पद के योग्य नहीं थे, फिर भी उन्हें आयोग का अध्यक्ष बना दिया गया। हाईकोर्ट ने सख्त टिप्पणी के साथ उन्हें कुर्सी से हटाया और कहा कि वह उस पद के योग्य नहीं हैं। उस समय युवा सड़कों पर चिल्लाता था, लेकिन लखनऊ में बैठी अखिलेश यादव की सरकार कानों में तेल डालकर खर्राटे लेती थी। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जाता था। आज प्रदेश का युवा नौकरी प्राप्त कर रहा है और स्टार्टअप इकोसिस्टम के माध्यम से दूसरों को रोजगार भी दे रहा है।

मीरजापुर मंडल में आज दो मेडिकल कॉलेज और दो विश्वविद्यालय

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी को चार बार प्रदेश में शासन करने का अवसर मिला, लेकिन उस समय मीरजापुर मंडल के तीन जनपदों- मीरजापुर, सोनभद्र और भदोही में न कोई मेडिकल कॉलेज था और न कोई विश्वविद्यालय। आज मंडल में दो मेडिकल कॉलेज और दो विश्वविद्यालय सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं। मीरजापुर में मां विंध्यवासिनी के नाम पर विश्वविद्यालय और मेडिकल कॉलेज भी शुरू हो गया है। भदोही में काशी नरेश विश्वविद्यालय तथा सोनभद्र में मेडिकल कॉलेज शुरू हो गया है। सपा शासन में मंडल में न सड़क थी, न बिजली, न पानी, न सुरक्षा, न सरकार की सहायता, न शिक्षा और न नौकरी। सैफई सिंडिकेट जिसे चाहता था, उसे नौकरी मिलती थी। नौकरियों पर भी एक ही परिवार का कब्जा था। हमारी सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाया है।

साढ़े नौ वर्षों में साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी

सीएम ने कहा कि एनडीए और भाजपा के नेतृत्व में प्रदेश में सरकार बनने के बाद साढ़े नौ वर्षों में साढ़े नौ लाख नौजवानों व स्नातकों को सरकारी नौकरी दी गई है। सुरक्षा का बेहतरीन वातावरण बनाया गया, जिससे 65 लाख लोगों को विभिन्न क्षेत्रों में नौकरियां मिली है। वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट योजना के तहत तीन करोड़ से ज्यादा रोजगार विकसित किए गए। आस्था भी आर्थिकी का कारण बन सकती है। प्रयागराज का महाकुंभ, मां विंध्यवासिनी धाम और काशी विश्वनाथ धाम इसके उदाहरण हैं। अयोध्या में वर्ष 2017 से पहले स्थिति ऐसी थी कि रामलला के दर्शन के लिए संकरे मार्गों से गुजरना पड़ता था और रामलला टाट के नीचे रहने के लिए मजबूर थे। स्वतंत्र भारत हम सबको ललकारता था कि क्या यही स्वाधीनता है कि हमारे प्रभु टाट के नीचे रहें? प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में आज भगवान राम के भव्य मंदिर का निर्माण हो गया है। विपक्ष इसे स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं। जिन लोगों ने राम मंदिर का विरोध किया और आस्था पर कुठाराघात किया, वे आज अयोध्या के बारे में उपदेश देते फिर रहे हैं।

दो करोड़ युवाओं को देंगे टैबलेट, 62 लाख को मिल चुके

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की अनेक योजनाएं युवाओं के लिए चल रही हैं। दो करोड़ युवाओं को टैबलेट देने की योजना है, जिनमें 62 लाख युवाओं को टैबलेट दिए जा चुके हैं। चुनाव संपन्न होने के बाद फिर बड़े-बड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे और स्नातक युवाओं को टैबलेट उपलब्ध कराकर डिजिटल अभियान को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग सेंटर प्रारंभ किए गए हैं। ये केंद्र निःशुल्क हैं और युवा भौतिक तथा वर्चुअल दोनों माध्यमों से इनका लाभ ले सकते हैं। नीट, आईआईटी-जेईई, यूपीएससी, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सरकार युवाओं के साथ खड़ी है। सरकार युवाओं की प्रतिभा और सामर्थ्य पर विश्वास करती है और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करा रही है।

15 लाख शिक्षकों को पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर

सीएम ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले शिक्षकों को न सम्मान था, न सुरक्षा और न स्वास्थ्य की सुविधा। अब सरकार ने बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा के स्ववित्तपोषित संस्थानों सहित 15 लाख शिक्षकों को उनके परिवार सहित प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर दिया है। शिक्षकों को सामाजिक सुरक्षा की गारंटी भी दी गई है। किसी घटना या दुर्घटना की स्थिति में 40 लाख रुपये से लेकर डेढ़ करोड़ रुपये तक की सामाजिक सुरक्षा की सुविधा उपलब्ध होगी। सरकार शिक्षकों को सम्मान, सुरक्षा और सुविधाएं देती है तथा शिक्षण संस्थानों को कायाकल्प से जोड़ती है। ये काम वर्ष 2017 से पहले भी हो सकते थे, लेकिन उस समय न दृष्टि थी और न विजन। जब विजन ही नहीं होगा तो मिशन कैसे पूरा होगा।

माफिया के सामने घुटने टेकने वाले आज सुरक्षा की बात कर रहे

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन्होंने प्रदेश के सामने पहचान का संकट खड़ा किया था, जो माफिया के सामने गिड़गिड़ाते थे, घुटने टेकते थे तथा नाक रगड़ते थे, वे आज सुरक्षा की बात कर रहे हैं। पहले नवरात्रि के दौरान दुर्गा जी की मूर्ति रखने के लिए श्रद्धालुओं को मशक्कत करनी पड़ती थी। मंदिरों में सुविधाओं का अभाव, गंदगी, बिजली की कमी, अराजकता और अव्यवस्था प्रदेश की पहचान बन गई थी। आज ऐसी समस्याएं नहीं हैं। सरकार जनता के साथ और जनता के द्वार पर खड़ी है। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत हर ब्लॉक में शिविर लगाए गए और लोगों को शासन की योजनाओं से जोड़ने का काम हुआ है। मतदाताओं को भी अच्छा प्रतिनिधि चुनकर भेजना चाहिए, जो उनकी आवाज उठा सके, उनके हितों का संवर्धन कर सके और शासन से योजनाएं स्वीकृत कराकर उन तक पहुंचा सके। गलत प्रतिनिधि चुनने पर समस्या के समाधान के रास्ते में बैरियर खड़ा हो जाता है।

सपा वही बैरियर है, जो समस्याओं का समाधान नहीं होने देती

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी वही बैरियर है, जो समस्याओं का समाधान नहीं होने देती। मां विंध्यवासिनी कॉरिडोर में इन्होंने व्यवधान पैदा किया। मेडिकल कॉलेज न बने, विश्वविद्यालय न बने, इसके लिए रोड़े अटकाने का प्रयास किया। भदोही में विश्वविद्यालय, मीरजापुर और भदोही में मां गंगा पर पुल व घाटों के निर्माण और सोनभद्र में मेडिकल कॉलेज के निर्माण में भी व्यवधान पैदा करने का प्रयास किया। इन लोगों को यही करना है तो इन्हें बैरियर ही बना रहने दीजिए, चुनकर मत भेजिए। इस बैरियर को एक झटके में उखाड़कर बाहर कर देंगे।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री मिर्जापुर नंद गोपाल गुप्ता नंदी, तकनीकी शिक्षा मंत्री आशीष पटेल, समाज कल्याण विभाग राज्य मंत्री संजीव गौड़, सांसद डॉ विनोद बिंद, उपाध्यक्ष राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग सोहन लाल श्रीमाली, भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष लाल बहादुर सरोज और जनप्रतिनिधिगण, शिक्षक स्नातक खंड के प्रत्याशी डॉ प्रमोद मिश्र, स्नातक विधान परिषद के प्रत्याशी केदारनाथ सिंह उपस्थित रहे।

‘ओडीओपी’ से हो रही यूपी की पहचान: नंदी

कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की पहचान और परसेप्शन दोनों बदले हैं। 2017 से पहले प्रदेश की पहचान परिवारवाद, तुष्टीकरण और ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया’ से होती थी, जबकि आज सुशासन, मजबूत कानून-व्यवस्था, औद्योगिक विकास और ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ प्रदेश की नई पहचान बन चुके हैं। पहले विकास सैफई और रायबरेली तक सीमित था, लेकिन आज बुंदेलखंड से पश्चिमांचल और अवध से पूर्वांचल तक, हर जनपद और गांव विकास की नई कहानी लिख रहा है। उत्तर प्रदेश अब सांस्कृतिक, आर्थिक और औद्योगिक विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। आगामी एमएलसी चुनाव को प्रदेश के विकास और विरासत को नई ऊंचाई देने का अवसर बताते हुए उन्होंने मतदाताओं से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाकर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के हाथ मजबूत करने की अपील की।

योगी सरकार के कामकाज पर मुहर का अवसर: आशीष पटेल

मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का यह चुनाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार के कामकाज और जनहित में किए गए प्रयासों पर मुहर लगाने का अवसर है। उन्होंने विश्वास जताया कि मिर्जापुर के साथ वाराणसी मंडल के मतदाता भी भाजपा प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाएंगे। प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश को विकास की नई दिशा दी है। लगातार भर्ती परीक्षाओं के परिणाम घोषित हो रहे हैं और युवाओं को नौकरियां मिल रही हैं। पुलिस एवं होमगार्ड भर्ती का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सरकार की बड़ी उपलब्धि है। योगी सरकार ने कानून-व्यवस्था में सुधार कर अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की है।

Tags: cm yogiYogi News
Previous Post

मुख्य सचिव ने किया दून विश्वविद्यालय में दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारंभ

Next Post

राहुल गांधी नोट कर लें, सिर्फ नेहरू ही नहीं, मसुरियादीन पासी भी गए थे जेलः मुख्यमंत्री

Writer D

Writer D

Related Posts

OTS
उत्तर प्रदेश

योगी सरकार की ओटीएस योजना को व्यापक जनसमर्थन, 1.71 लाख आवेदन मिले

24/10/2026
उत्तर प्रदेश

योगी सरकार की पहल: दिव्यांग बच्चों की शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए शिक्षकों को दिया प्रशिक्षण

24/10/2026
उत्तर प्रदेश

CM योगी ने नमो घाट पर एयर शो की तैयारियों का लिया जायजा

24/10/2026
उत्तर प्रदेश

सनातन चेतना, जनआस्था और वैश्विक गौरव का महापर्व बनेगा दीपोत्सव-2026: CM योगी

24/10/2026
Main Slider

UP PET 2026: 35 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, CM योगी ने सुरक्षा और ट्रांसपोर्ट को लेकर दिए सख्त निर्देश

24/10/2026
Next Post

राहुल गांधी नोट कर लें, सिर्फ नेहरू ही नहीं, मसुरियादीन पासी भी गए थे जेलः मुख्यमंत्री

यह भी पढ़ें

Dev Deepawali

देव दीपावली पर पांच लाख पर्यटकों के आने की उम्मीद, अभेद्य किला होगी काशी

06/11/2023
Mann ki baat

माघे निमग्ना: सलिले सुशीते, विमुक्तपापा: त्रिदिवम् प्रयान्ति : मोदी

28/02/2021
Raj Bahadur Singh

वरिष्ठ पत्रकार राज बहादुर सिंह का निधन, सीएम योगी ने जताया दुख

01/06/2023
Facebook Twitter Youtube

© 2017 24घंटेऑनलाइन

  • होम
  • राष्ट्रीय
    • उत्तराखंड
    • उत्तर प्रदेश
    • पंजाब
    • हरियाणा
    • छत्तीसगढ़
    • राजस्थान
    • हिमाचल प्रदेश
  • राजनीति
  • अंतर्राष्ट्रीय
  • क्राइम
  • मनोरंजन
  • शिक्षा
  • स्वास्थ्य
  • धर्म

© 2017 24घंटेऑनलाइन

Go to mobile version