देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Dhami) ने गुरुवार को देहरादून की डिफेंस कॉलोनी स्थित सामुदायिक भवन में श्री राधाकृष्ण मंदिर समिति की ओर से आयोजित शिवमहापुराण कथा में भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिवमहापुराण कथा जैसे आध्यात्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, नैतिक मूल्यों और सांस्कृतिक चेतना का संचार करते हैं। ऐसे आयोजन सनातन परंपरा और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ नई पीढ़ी को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को बढ़ावा दे रही सरकार
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की पहचान उसकी आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक परंपराओं से है। प्रदेश में धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से सांस्कृतिक विरासत को मजबूती मिलने के साथ समाज में आपसी सौहार्द, सद्भाव और सामाजिक एकता की भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने लोगों से अपनी सांस्कृतिक जड़ों और परंपराओं से जुड़े रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कथा व्यास एवं श्री राधाकृष्ण मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत और अभिनंदन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।









