देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Dhami) ने प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीकृष्ण से प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का संपूर्ण जीवन मानवता को सत्य, न्याय और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण मानवता के सच्चे संरक्षक, मार्गदर्शक और जीवन-दर्शन के प्रेरणास्रोत हैं। उनका जीवन प्रेम, त्याग, सेवा, करुणा, सद्भाव और सामाजिक समरसता जैसे मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश देता है।
गीता का निष्काम कर्म का संदेश आज भी प्रासंगिक
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा दिया गया निष्काम कर्म का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है। गीता के माध्यम से उन्होंने मानव मात्र को अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने तथा कर्म करते रहने का मार्ग दिखाया।
उन्होंने कहा कि गीता में निहित भक्ति, ज्ञान, योग और कर्म का दर्शन व्यक्ति को जीवन में सकारात्मकता, आत्मविश्वास और संतुलन प्रदान करता है। भगवान श्रीकृष्ण का जीवन समाज के वंचित और उपेक्षित वर्गों के प्रति संवेदनशीलता तथा उनके कल्याण की भावना का भी संदेश देता है।
प्रेम और भाईचारे के साथ प्रदेश के विकास में भागीदारी का आह्वान
मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके संदेशों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज में प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और समरसता की भावना को मजबूत करते हुए प्रत्येक व्यक्ति प्रदेश के विकास में अपनी भूमिका निभाए।
मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का यह पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आएगा तथा प्रदेश में सामाजिक सौहार्द और सकारात्मकता को और मजबूत करेगा।









