गोरखपुर: तीन दिवसीय दौरे पर रविवार शाम गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने गोरखनाथ मंदिर में अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले की विकास परियोजनाओं, बाढ़ बचाव, सावन-कांवड़ यात्रा और स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को बाढ़ से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने और नदियों के जलस्तर के साथ बांधों की लगातार निगरानी के निर्देश दिए।
कांवड़ मार्ग पर व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
सावन और कांवड़ यात्रा को देखते हुए सीएम योगी ने शिवालयों और मंदिरों में विशेष सफाई कराने को कहा। कांवड़ यात्रा मार्ग पर भी सफाई, यातायात और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
विकास परियोजनाओं की भी ली जानकारी
मुख्यमंत्री ने जिले में चल रही विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि राजघाट-डोमिनगढ़ फोरलेन और पांडेयहाता-धर्मशाला विरासत गलियारे का काम इसी महीने पूरा होने की उम्मीद है। वहीं नौसढ़-पैडलेगंज सिक्सलेन, एचएन सिंह चौराहा-गोरखनाथ फोरलेन और स्पोर्ट्स कॉलेज-फर्टिलाइजर फोरलेन समेत कई परियोजनाओं को तय समय में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
योगी ने कहा कि सभी परियोजनाओं की नियमित निगरानी हो और निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर देरी बर्दाश्त न की जाए। उन्होंने गीडा में निवेश बढ़ाने और शहर में सफाई व जलभराव की समस्या के समाधान पर भी जोर दिया।
तिरंगा यात्रा को भव्य बनाने की तैयारी
स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रमुख चौराहों, सरकारी इमारतों और कार्यालयों को सजाने के निर्देश दिए। उन्होंने शहर से लेकर गांवों तक लोगों को राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध कराने और अधिक से अधिक घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रयास करने को कहा।









