Main Sliderउत्तर प्रदेशक्राइमबुलंदशहर

बंद फैक्टरी में पुलिस का छापा, अवैध असलहों का जखीरा बरामद

बुलंदशहर में नगर के बीचों-बीच बंद पड़ी एक खंडहर फैक्टरी में अवैध असलहे बनाये जा रहे थे। मंगलवार को मिली एक सूचना के बाद खुर्जानगर थाना पुलिस ने छापेमारी करके अवैध हथियारों का जखीरा बरामद किया है। मौके से पांच युवक भी पकड़े गए है, जो असलहे बना रहे थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि खुर्जा नगर में स्थित संजय गुप्ता की कई वर्षों से एक फैक्टरी बंद पड़ी हुई है। फैक्टरी खंडहर में तब्दील हो गई है। सूचना मिली कि इस खंडहर में अवैध असलहे बनाये जा रहे हैं। इसकी पुष्टि करते हुए मंगलवार को पुलिस ने घेराबंदी करके फैक्टरी में छापेमारी की।

पुलिस को देखकर खराद मशीन पर तमंचा बना रहे छह आरोपित भागने लगे। पुलिस को देखकर जब उन्होंने दीवार फांदकर भागने का प्रयास किया तो फैक्टरी के बाहर खड़ी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। हालांकि एक बदमाश भागने में सफल रहा।

पकड़े गए बदमाशों में खुर्जानगर निवासी वसीम उर्फ सिगरेट, बल्लू उर्फ कामिल, फैजान, अलीगढ़ जनपद के खैर थाना क्षेत्र निवासी लक्ष्मीनारायण और सागर है।

पुलिस ने मौके से 20 तमंचे 315 बोर, चार तमंचे 12 बोर, चार जिंदा कारतूस, 16 लोहे की नाल और हथियार बनाने के उपकरण मिले। एसएसपी ने बताया कि खुर्जा नगर पुलिस टीम को 20 हजार रुपये से इनाम देने का ऐलान किया गया है।

Related Articles

Back to top button