सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे 10वीं पास युवाओं के लिए इनकम टैक्स विभाग (Income Tax Department) ने भर्ती का मौका दिया है। विभाग के मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ क्षेत्र में कैंटीन परिचारक के 7 पद भरे जाएंगे। आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक अभ्यर्थी 31 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं।
इस भर्ती की खास बात यह है कि उम्मीदवारों से कोई आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा। चयन होने पर अभ्यर्थियों को 7वें वेतन आयोग के तहत पे लेवल-1 में नियुक्ति मिलेगी।
18 से 56,900 रुपये तक सैलरी
कैंटीन परिचारक पद पर चयनित उम्मीदवारों को 18,000 से 56,900 रुपये प्रतिमाह का वेतन मिलेगा। इसके अलावा केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए लागू महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता, यात्रा भत्ता और अन्य सुविधाएं भी नियमानुसार मिलेंगी।
यह पद ग्रुप-सी, गैर-राजपत्रित और गैर-मंत्रालयी श्रेणी में शामिल है। चयनित अभ्यर्थियों की प्रोबेशन अवधि दो साल होगी।
10वीं पास होना जरूरी, उम्र 25 साल तक
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना जरूरी है। आवेदक भारतीय नागरिक होना चाहिए।
आयु की गणना 31 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। उम्मीदवार की उम्र 18 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए। OBC उम्मीदवारों को अधिकतम आयु में 3 साल और SC/ST अभ्यर्थियों को 5 साल की छूट मिलेगी। दिव्यांग, पूर्व सैनिक और पात्र केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों को भी नियमों के अनुसार आयु सीमा में राहत दी जाएगी।
पहले 10वीं के नंबर, फिर लिखित परीक्षा
भर्ती प्रक्रिया में सीधे सभी उम्मीदवारों को परीक्षा देने का मौका नहीं मिलेगा। विभाग 10वीं में प्राप्त अंकों के आधार पर 280 अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट करेगा। यानी प्रत्येक पद के लिए 40 उम्मीदवारों को आगे बढ़ाया जाएगा।
लिखित परीक्षा में कुल 40 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे और प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। प्रश्न अंग्रेजी समझ, हिंदी, गणित, भोजन एवं पोषण और स्वच्छता जैसे विषयों से पूछे जाएंगे। गलत उत्तर देने पर 0.25 अंक की निगेटिव मार्किंग होगी। परीक्षा भोपाल में आयोजित की जाएगी।
लिखित परीक्षा के बाद होगा स्किल टेस्ट
लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को 60 अंकों की स्किल परीक्षा देनी होगी। इस चरण में उम्मीदवार की व्यावहारिक क्षमता परखी जाएगी।
इस दौरान भोजन और पेय तैयार करने, खाद्य सामग्री को सही तरीके से संभालने, खाना परोसने और साफ-सफाई बनाए रखने से जुड़ी दक्षता जांची जाएगी। इसके बाद दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होगी।
आवेदन की अंतिम तारीख 31 अगस्त 2026 है, इसलिए इच्छुक उम्मीदवार समय रहते पात्रता और जरूरी दस्तावेजों की जांच कर ऑनलाइन आवेदन पूरा कर लें।



![KVS-NVS-EMRS [details/results] will be released on this day.](https://24ghanteonline.com/wp-content/uploads/2026/08/Result-360x180.jpg)




