ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र के सेक्टर-1 स्थित एक फिटनेस जिम में गुरुवार को अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। आग जिम की दूसरी मंजिल पर लगी, जिसके बाद पूरे परिसर में धुआं भर गया। सूचना मिलते ही फायर सर्विस और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया।
धुएं के बीच छत पर फंसे थे पांच लोग
आग के दौरान जिम की छत पर पांच लोग फंस गए थे। दमकल कर्मियों ने ब्रीदिंग अपरेटस पहनकर धुएं से भरे परिसर में प्रवेश किया और सभी पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते हुए किए गए इस रेस्क्यू से बड़ा हादसा टल गया।
क्रेन से तोड़े गए जिम के शीशे
आग बुझाने के दौरान जिम के अंदर धुआं भरना सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ था। धुएं की निकासी के लिए दमकल कर्मियों ने क्रेन की मदद से जिम के शीशे तोड़े। इसके बाद पांच दमकल वाहनों की सहायता से लगातार पानी डालकर आग पर काबू पाया गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी को आई चोट
रेस्क्यू और धुआं निकालने की कार्रवाई के दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप चौबे को मामूली चोट आई। हालांकि, उन्हें किसी गंभीर चोट की सूचना नहीं है। घटना में किसी व्यक्ति की मौत नहीं हुई।









