Main Sliderनई दिल्लीराजनीतिराष्ट्रीय

तुरंत ईरान छोड़ दें, प्रदर्शन वाले इलाकों से दूर रहें… भारत ने तीसरी बार एडवाइजरी जारी की

ईरान में हालात तेजी से बिगड़ते जा रहे हैं। इसे देखते हुए भारत सरकार ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। विदेश मंत्रालय (MEA) के मुताबिक, फिलहाल ईरान में करीब 9 हजार भारतीय नागरिक मौजूद हैं। इनमें से ज्यादातर छात्र हैं, जो पढ़ाई के लिए ईरान में रह रहे हैं।

विदेश मंत्रालय (MEA) ने साफ तौर पर कहा है कि मौजूदा सुरक्षा हालात ठीक नहीं हैं। इसलिए भारत सरकार ने अपने नागरिकों के लिए दो से तीन ट्रैवल एडवाइजरी जारी की हैं। इन एडवाइजरी में भारत में रह रहे लोगों को फिलहाल ईरान की यात्रा न करने की सलाह दी गई है। वहीं, ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों से कहा गया है कि वे किसी भी उपलब्ध साधन से जल्द से जल्द ईरान छोड़ दें, चाहे वह कमर्शियल फ्लाइट ही क्यों न हो।

भारत मदद के लिए तैयार: MEA

विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि सरकार स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार विदेश में रह रहे अपने नागरिकों की सुरक्षा और भलाई को सबसे ज्यादा महत्व देती है और जरूरत पड़ने पर हर संभव मदद की जाएगी।

एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि भारतीय नागरिक और भारतीय मूल के लोग गैर जरूरी यात्रा से बचें। जो लोग पहले से ईरान में हैं, उन्हें प्रदर्शन और विरोध-प्रदर्शन वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है। साथ ही, नागरिकों से कहा गया है कि वे अपने पासपोर्ट, वीजा और पहचान से जुड़े डॉक्यूमेंट्स हमेशा अपने पास रखें, ताकि किसी भी इमरजेंसी की स्थिति में परेशानी न हो।

दूतावास के संपर्क में रहने की अपील

सरकार ने यह भी बताया है कि वह ईरान में मौजूद भारतीय छात्रों, व्यापारियों, तीर्थयात्रियों और पर्यटकों की सुरक्षित वापसी के लिए तैयारी कर रही है। जरूरत पड़ने पर सरकार उनकी वापसी में मदद करेगी।

विदेश मंत्रालय (MEA) ने सभी भारतीय नागरिकों से अपील की है कि वे तेहरान स्थित भारतीय दूतावास के संपर्क में लगातार बने रहें। किसी भी तरह की परेशानी होने पर तुरंत दूतावास से संपर्क करने को कहा गया है।

Related Articles

Back to top button