हल्द्वानी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम में करियर, रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता, कौशल विकास, तकनीक, खेल और उत्तराखंड के भविष्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
संवाद के दौरान युवाओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री से प्रदेश एवं देश के विकास से जुड़े सवाल पूछे। युवाओं ने सरकार की विभिन्न योजनाओं से जुड़े अपने अनुभव साझा किए और रोजगार, स्वरोजगार तथा प्रदेश में नए अवसरों को लेकर सुझाव भी रखे।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में युवाओं को मिल रहे नए अवसर: नितिन नवीन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की युवा शक्ति को नई दिशा देने के साथ युवाओं के लिए नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया और खेलो इंडिया जैसी पहलों ने युवाओं को अपनी प्रतिभा और कौशल के अनुरूप आगे बढ़ने के लिए मंच उपलब्ध कराया है।
उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल रोजगार प्राप्त करने वाला नहीं, बल्कि रोजगार और नए अवसरों का सृजन करने वाला भी बन रहा है। बदलती अर्थव्यवस्था और तकनीक के दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्टार्टअप, नवाचार, डिजिटल तकनीक और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में संभावनाएं तेजी से बढ़ी हैं।
नितिन नवीन ने कहा कि उत्तराखंड के युवा प्रतिभा और क्षमता से भरपूर हैं। उनकी ऊर्जा और सामर्थ्य को प्रदेश के विकास से जोड़कर उत्तराखंड को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। पर्वतीय राज्य में स्थानीय स्तर पर रोजगार, स्वरोजगार, पर्यटन, कौशल विकास और उद्यमिता के अवसर बढ़ाना जरूरी है।
उन्होंने युवाओं के विचारों और सुझावों को प्रदेश के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि नई पीढ़ी को चुनौतियों को अवसरों में बदलने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करें युवा
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि सोशल मीडिया आज एक प्रभावशाली माध्यम बन चुका है। युवाओं को इसका सकारात्मक उपयोग देश और समाज के विकास के लिए करना चाहिए। उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताया।
उन्होंने युवाओं से राजनीति और सार्वजनिक जीवन में आगे आने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का भी आह्वान किया। नितिन नवीन ने कहा कि जीवन में समय प्रबंधन सफलता का महत्वपूर्ण आधार है और युवाओं को अपने समय का सदुपयोग करना चाहिए।
‘पहाड़ की जवानी और पहाड़ का पानी उत्तराखंड के काम आए’: धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि युवा शक्ति देश और प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है। भारत की युवा आबादी देश को नई ऊर्जा, नई सोच और नया सामर्थ्य प्रदान कर रही है। तकनीक और नवाचार के बढ़ते उपयोग से युवाओं के सामने अवसरों के नए द्वार खुले हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 4 जुलाई 2021 को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद उनकी सरकार ने इस संकल्प के साथ काम किया कि ‘पहाड़ की जवानी और पहाड़ का पानी, दोनों उत्तराखंड के काम आएं।’ उन्होंने कहा कि इसी दिशा में सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया गया है और अब तक करीब 34 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई है। नकल माफिया के खिलाफ कार्रवाई कर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों पर शिकंजा कसा गया है।
सरकारी नौकरी के साथ स्वरोजगार और स्टार्टअप पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित रखने के बजाय स्वरोजगार, स्टार्टअप और उद्यमिता के नए अवसर उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दे रही है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, कौशल विकास, होम स्टे और मुख्यमंत्री उद्यमान खिलाड़ी योजना सहित विभिन्न पहलों के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पर्यटन, स्थानीय उत्पादों, विज्ञान, नवाचार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और नई तकनीकों से जुड़े क्षेत्रों में भी युवाओं के लिए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।
खेलों में भी आगे बढ़ रहा उत्तराखंड
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड खेलों के क्षेत्र में भी तेजी से नई पहचान बना रहा है। राज्य में खेल अवस्थापना सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिलाओं के लिए स्पोर्ट्स कॉलेज की दिशा में कार्य आगे बढ़ाया गया है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों का 100 से अधिक पदक जीतना राज्य की बढ़ती खेल प्रतिभा और बदलते खेल वातावरण का प्रमाण है।
युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार की ओर से निःशुल्क कोचिंग की सुविधा भी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं की प्रतिभा, परिश्रम और सामर्थ्य ही विकसित उत्तराखंड के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट सहित पार्टी के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।









