रुद्रपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को रुद्रपुर में आयोजित पंजाबी गौरव सम्मेलन को संबोधित करते हुए सिख समाज के राष्ट्र निर्माण और तराई क्षेत्र के विकास में योगदान को सराहा। उन्होंने गुरु नानक देव, गुरु गोविंद सिंह और चार साहिबजादों के त्याग एवं बलिदान को नमन करते हुए समाज से देश को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में सहभागी बनने का आह्वान किया।
नितिन नवीन ने अपने संबोधन में 1984 के सिख विरोधी नरसंहार, करतारपुर साहिब कॉरिडोर, वीर बाल दिवस, नागरिकता संशोधन कानून और हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना सहित केंद्र सरकार के विभिन्न निर्णयों का उल्लेख किया। उन्होंने पंजाब में नशे की समस्या को बड़ी चुनौती बताते हुए देश और पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए केंद्र सरकार के संकल्प का जिक्र किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी एवं सांसद अनिल बलूनी, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा सहित भाजपा के कई नेता और पंजाबी एवं सिख समाज के लोग मौजूद रहे।
पटना साहिब की धरती से आया हूं: नितिन नवीन
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि वह पटना साहिब की धरती से आए हैं और पटना उनके लिए घर एवं कर्मभूमि है। उन्होंने कहा कि पटना साहिब का सिख समाज के लिए विशेष महत्व है, क्योंकि यहीं गुरु गोविंद सिंह से जुड़ी पवित्र स्मृतियां लोगों को देश और समाज के लिए समर्पण की प्रेरणा देती हैं।
उन्होंने नानकमत्ता साहिब की पावन धरती को नमन करते हुए काशीपुर, बाजपुर, सितारगंज, खटीमा, गदरपुर और जसपुर समेत तराई क्षेत्र से आए पंजाबी एवं सिख समाज के लोगों का अभिनंदन किया।
नवीन ने गुरु नानक देव से लेकर गुरु गोविंद सिंह और चार साहिबजादों के त्याग एवं बलिदान को नमन करते हुए कहा कि नानकमत्ता साहिब की धरती सामान्य भूमि नहीं है। उन्होंने हेमकुंड साहिब, नानकमत्ता साहिब और रीठा साहिब को भी उत्तराखंड की पवित्र आध्यात्मिक धरोहर बताया।
विभाजन के बाद तराई को संवारने में सिख समाज का योगदान
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि 1947 के विभाजन के दौरान बड़ी संख्या में परिवार अपने पुरखों की भूमि और स्मृतियों को छोड़कर तराई क्षेत्र में आकर बसे। उन्होंने कहा कि आज ऊधम सिंह नगर उत्तराखंड के प्रमुख कृषि क्षेत्रों में गिना जाता है।
उन्होंने पंतनगर में कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना और हरित क्रांति में क्षेत्र की भूमिका का उल्लेख करते हुए तराई के विकास में पंजाबी एवं सिख समाज के योगदान को नमन किया।
1984 के मामलों में एसआईटी गठन का किया उल्लेख
नितिन नवीन ने 1984 के सिख विरोधी दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर की घटनाओं की पीड़ा आज भी समाज के मन में है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के उस समय के बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि लंबे समय तक इन मामलों में दोषियों को सजा नहीं मिल सकी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने वर्ष 2015 में मामलों की जांच के लिए एसआईटी गठित की। नवीन ने कहा कि 1984 में निर्दोष सिखों के खिलाफ हुई हिंसा को देश कभी नहीं भूल सकता।
करतारपुर साहिब कॉरिडोर को बताया ऐतिहासिक निर्णय
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने करतारपुर साहिब कॉरिडोर को केंद्र सरकार का महत्वपूर्ण निर्णय बताते हुए कहा कि गुरु नानक देव के जीवन से जुड़े इस पवित्र स्थल तक श्रद्धालुओं की पहुंच आसान हुई है।
उन्होंने कहा कि लंबे समय तक भारतीय श्रद्धालु दूरबीन के माध्यम से करतारपुर साहिब के दर्शन करते थे। उनके अनुसार, 9 नवंबर 2019 को करतारपुर साहिब कॉरिडोर खोला जाना एक ऐतिहासिक कदम था।
वीर बाल दिवस और नागरिकता कानून का किया उल्लेख
नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 दिसंबर को ‘वीर बाल दिवस’ के रूप में घोषित कर साहिबजादों के बलिदान को देशभर में सम्मान देने का कार्य किया। उन्होंने विशेष रूप से बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह के बलिदान को याद किया।
उन्होंने अफगानिस्तान में संकट के दौरान सिख समुदाय के लोगों की सहायता और नागरिकता संशोधन कानून का भी उल्लेख किया। नवीन ने कहा कि केंद्र सरकार ने पड़ोसी देशों से धार्मिक उत्पीड़न के कारण भारत आए पात्र अल्पसंख्यक समुदायों के लोगों को नागरिकता का रास्ता उपलब्ध कराया।
हेमकुंड साहिब रोपवे से यात्रा होगी आसान
नितिन नवीन ने हेमकुंड साहिब की कठिन यात्रा को सुगम बनाने के लिए प्रस्तावित रोपवे परियोजना का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि करीब 2,700 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजना के माध्यम से श्रद्धालुओं की यात्रा आसान होगी और लगभग 45 मिनट में हेमकुंड साहिब तक पहुंच संभव हो सकेगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने के प्रयासों की भी सराहना की।
नशामुक्त भारत के लिए अभियान से जुड़ने का आह्वान
भाजपा अध्यक्ष ने पंजाब में युवाओं के बीच नशे की बढ़ती समस्या को गंभीर चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि जिस तरह केंद्र सरकार ने नक्सलवाद के खिलाफ अभियान चलाया, उसी तरह देश और पंजाब को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया गया है।
उन्होंने युवाओं और समाज के सभी वर्गों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा संकल्प अभियान’ से जुड़ने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री धामी से उत्तराखंड के युवाओं के बीच भी इस अभियान को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का आग्रह किया।
पंजाब और उत्तराखंड के विकास को विकसित भारत से जोड़ा
नितिन नवीन ने कहा कि देश की आजादी और सीमाओं की सुरक्षा में सिख समाज ने महत्वपूर्ण बलिदान दिए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब और सिख समाज के विकास को देश के विकास से अलग करके नहीं देखा जा सकता।
उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि इस संकल्प को पूरा करने में देश के हर राज्य और समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पंजाब और उत्तराखंड की प्रगति भी विकसित भारत की व्यापक विकास यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा बनेगी।
गोविंद बल्लभ पंत को किया नमन
नितिन नवीन ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती का उल्लेख करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि उन्हें पंत को नमन करने का अवसर मिला और उन्होंने सुबह उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
उन्होंने उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और उनकी टीम का पंजाबी गौरव सम्मेलन के माध्यम से समाज के बीच आने का अवसर देने के लिए आभार व्यक्त किया।
ये रहे मौजूद
सम्मेलन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, भाजपा राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी एवं सांसद अनिल बलूनी, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, प्रदीप बत्रा, भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, तरुण बंसल समेत अन्य पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गुरविंदर सिंह चंडोक ने किया।









