Main Sliderधर्मफैशन/शैली

माता रानी को लगाएं हलवा-चना प्रसाद का भोग, मैया होंगी प्रसन्न

पूरे देश पर चैत्र नवरात्रि का सुरूर छाया हुआ है। इस दौरान मां दु्र्गा के 9 रूपों की 9 दिन पूजा की जाती है। इस त्योहार पर कन्या पूजन की परंपरा है। भक्तजन सप्तमी, अष्टमी या नवमी पर कन्याओं को भोजन कराते हैं। इसमें माता रानी का पसंदीदा हलवा-चना-पुरी (Halwa-Chana Prasad) प्रसाद के रूप में परोसा जाता है। पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ तैयार किया गया यह भोग काफी स्वादिष्ट होता है। इसे खाकर सबकी तबीयत खुश हो जाती है।

सूजी हलवा (Halwa)  बनाने की सामग्री

एक कप सूजी
आधे से एक कप चीनी
आधा कप घी
5-6 इलायची
10-12 काजू पतले टुकड़ों में कटे हुए
10-12 बादाम पतले टुकड़ों में कटे हुए
दो बड़े चम्मच किशमिश
एक छोटा चम्मच चिरौंजी
4 कप पानी
सजावट के लिए – सूखा नारियल कद्दूकस किया हुआ

सूजी हलवा (Halwa)  बनाने की विधि

– भारी तले की कड़ाही को गैस पर रखें और इसे हल्का गरम होने दें। अब इसमें घी डालकर गरम करें।
– एक पैन में पानी और चीनी मिलाकर गैस पर चाशनी बनाने के लिए रख दें। तैयार हो रही चाशनी में इलायची डाल दें।
– किशमिश को पानी में भिगो दें। जैसे ही घी गरम हो जाए उसमें सूजी डालकर भूनना शुरू कर दें।
– सूजी को लगातार चलाते हुए सुनहरा होने तक भूनें। दो मिनट के बाद काजू, चिरौंजी और बादाम डालकर इनको भी साथ में भून लें।
– सूजी को अच्छी तरह हिलाते रहें ताकि यह कड़ाही से चिपके नहीं।
– दूसरी ओर, चाशनी पर भी नजर रखें और जैसे ही पानी में उबाल के साथ चीनी पूरी तरह घुल जाए, गैस बंद कर दें।
– सूजी को करीब 10 मिनट तक भूनना होगा। अब इसमें किशमिश डालें।
– आंच एकदम कम कर दें और तैयार चाशनी को भुनी सूजी में डालें।
– चाशनी उड़ेलने के बाद घोल को तेजी से हिलाएं ताकि हलवे (Halwa) में गांठ नहीं पड़े।
– जब सूजी सारी चाशनी सोख ले और हल्की सख्त होने लगे तो गैस बंद कर दें।
– इसके ऊपर कद्दूकस किया सूखा नारियल डाल दें। तैयार है सूजी का हलवा (Halwa) ।

काले चने (Chana) बनाने की विधि

2 कप काले चने
1 बड़ा टुकड़ा अदरक बारीक कटा हुआ
2 हरी मिर्च लम्बे टुकड़ों में कटी हुई
एक चौथाई चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1 छोटा चम्मच जीरा
एक चौथाई चम्मच गरम मसाला
एक चौथाई चम्मच हल्दी
2 छोटे चम्मच धनिया पाउडर
1 छोटा चम्मच चाट मसाला
1 छोटा चम्मच अमचूर पाउडर
आधी कटोरी बारीक कटा हरा धनिया
चने उबालने के लिए पानी (चने की मात्रा से तिगुना)
तड़के के लिए तेल या घी
नमक स्वादानुसार

काले चने (Chana) बनाने की विधि

– साफ पानी से काले चने दो से तीन बार धोएं और 6 कप पानी में रातभर या कम से कम 4-5 घंटे के लिए भिगोकर रख दें।
– कुकर में पानी समेत चने डालें और एक छोटा चम्मच नमक (व्रत या प्रसाद के लिए सेंधा नमक) डालें।
– तेज आंच पर एक सीटी आने के बाद कम आंच पर इनको करीब 45 मिनट के लिए छोड़ दें।
– इतनी देर में चने अच्छी तरह नरम हो जाएंगे। एक बड़ी कड़ाही में दो बड़े चम्मच तेल या घी डालें।
– इसमें जीरा डाल दें। जैसे ही यह चटकना बंद करे ऊपर से अदरक और हरी मिर्च डाल दें।
– अब इसमें धनिया पाउडर, हल्दी और लाल मिर्च डालें। इसके बाद एक बड़ा चम्मच उबले चने लें और मसाले में डालकर थोड़ा मैश कर लें।
– अगर नमक की जरूरत हो तो इसी समय यह भी स्वादानुसार डाल लें।
– अब बाकी चने (अगर उबले चनों में पानी रह जाए तो इसे अलग रख लें) इस मसाले में डालें और अच्छी तरह मिक्स कर लें।
– करीब दो मिनट तक धीमी आंच पर इसे पकने दें।
– इसके बाद अमचूर, चाट मसाला और गरम मसाला डालें और अच्छी तरह मिक्स करने के बाद कुछ देर धीमी आंच पर पकने के लिए छोड़ दें।
– अगर हल्के नम चने बनाने हों तो 5 मिनट में गैस बंद कर दें।
– एकदम सूखे चने बनाने के लिए गैस को मध्यम आंच पर रखें और चने अच्छी तरह सुखाएं। अब हरा धनिया डाल दें। तैयार है चने।

Related Articles

Back to top button