लखीमपुर खीरी: खीरी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात कांवड़ियों के जत्थे पर अचानक पथराव से हड़कंप मच गया। घटना में एक कांवड़िया घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला।
जल लेकर मंदिर जा रहे थे कांवड़िये
रुखिया गांव के करीब 40-50 कांवड़िये नहर के पास स्थित माता मंदिर से जल लेकर लिलौटी नाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए जा रहे थे। जुलाहनपुरवा के पास पहुंचते ही अचानक पत्थर बरसने लगे। इससे कांवड़ियों में अफरा-तफरी मच गई।
पथराव में राजापुर निवासी कांवड़िया विकास के सिर में चोट लग गई। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
8-9 संदिग्ध हिरासत में
पुलिस ने मामले में आठ से नौ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। सीओ विवेक तिवारी और सदर कोतवाल राजेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
हालांकि, एसपी डॉ. ख्याति गर्ग के मुताबिक प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना एक मानसिक रूप से बीमार नाबालिग किशोर द्वारा की गई। पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।









