Categorized

दिल्ली कैपिटल्स के लिए क्या था सबसे मुश्किल दौर

अबुधाबी| दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच रिकी पोटिंग ने कहा है कि इंडियन प्रीमियर लीग के अंतिम लीग मैच में जीत से पहले लगातार चार मैच गंवाना सबसे मुश्किल दौर था, लेकिन इस दौरान खिलाड़ियों को मनोबल बनाए रखने का फायदा मिला। दिल्ली की टीम ने टूर्नामेंट में सबसे अच्छी शुरुआत की और अपने पहले नौ मैचों में से सात में जीत दर्ज की। श्रेयस अय्यर और उनकी टीम को हालांकि इसके बाद लगातार चार हार का सामना करना पड़ा और टीम तीसरे स्थान पर खिसक गई। इस दौरान नेट रन रेट कम होने के कारण टीम पर प्लेऑफ से चूकने का खतरा भी मंडराने लगा था।

दिल्ली ने टीम ने हालांकि सही समय पर वापसी की और सोमवार को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ अपना अंतिम लीग मैच छह विकेट से जीतकर आईपीएल अंक तालिका में शीर्ष दो में अपनी जगह सुनिश्चित की। पोंटिंग ने कहा, ”यह सबसे मुश्किल था (चार मैच में हार का सामना करना)। मुझे लगता है कि पिछले कुछ हफ्तों में सबसे महत्वपूर्ण यह सुनिश्चित करना रहा कि हमारा मनोबल नहीं गिरे।”

चेन्नई और मुंबई के बाद ऐसा करने वाली बनी तीसरी टीम

उन्होंने कहा, ”टूर्नामेंट के आखिरी चरण में जब भी आप कुछ मैच गंवाते हो तो लय में बदलाव लाना मुश्किल हो जाता है। लेकिन खिलाड़ियों को श्रेय जाता है- वे शानदार थे। आप खिलाड़ियों के अंदर अलग तरह की ऊर्जा देख सकते थे जिससे पूरे मैच में लय बनी।”

विराट कोहली की अगुआई वाली बैंगलोर की टीम के खिलाफ अपनी टीम के प्रदर्शन पर पोंटिंग ने कहा, ”यह परफेक्ट मैच नहीं था, लेकिन काफी अच्छा था, हमने ठोस प्रदर्शन किया जिसकी हमें जरूरत थी। उनकी टीम काफी अच्छी है और हमने एक ओवर शेष रहते जीत दर्ज की जो टी20 क्रिकेट में काफी बड़ा अंतर है।”

दिल्ली की टीम को फाइनल में जगह बनाने के अब दो मौके मिलेंगे। टीम गुरुवार को पहले क्वालीफायर में अंक तालिका में शीर्ष पर रहे और गत चैंपियन मुंबई इंडियन्स से भिड़ेगी। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान ने कहा, ”मुझे सबसे अधिक गर्व है क्योंकि यह ‘करो या मरो’ का मुकाबला था और लड़कों को यह पता था और उन्होंने काफी सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।”

Related Articles

Back to top button