प्रयागराज: शहर के दरियाबाद मोहल्ले में पार्क की जमीन और उससे सटी 20 फीट चौड़ी सड़क पर कथित कब्जे का 20 साल पुराना मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) के निर्देश पर जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है।
तीन दिन में हुआ था कब्जा
मामला वर्ष 2006 का बताया जा रहा है। उस समय प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार थी और आजम खान (Azam Khan) नगर विकास मंत्री थे। आरोप है कि सार्वजनिक अवकाश के दौरान कुछ लोगों ने पार्क की जमीन पर कब्जा शुरू किया था। स्थानीय लोगों ने इसका विरोध करते हुए अधिकारियों से शिकायत भी की थी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि उस समय प्रभावशाली लोगों के दबाव में कार्रवाई नहीं हो सकी।
योगी के पास पहुंची शिकायत, जांच शुरू
मामला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दर्शन तक पहुंचा, जिसके बाद उन्होंने उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए। डीएम ने एडीएम सिटी सत्यम कुमार मिश्र, PDA सचिव विनीत कुमार सिंह और DCP सिटी मनीष शांडिल्य के नेतृत्व में SIT गठित की है।
जांच के लिए सदर तहसील और नगर निगम से राजस्व अभिलेख मंगाए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
चार करोड़ की जमीन पर नजर
बताया जा रहा है कि विवादित जमीन की कीमत करीब चार करोड़ रुपये है। स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री से पार्क को कब्जामुक्त कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इसी पार्क में बच्चे खेलते और बुजुर्ग टहलते थे।
फिलहाल SIT की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि जमीन पर कब्जा कैसे हुआ, इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे और सरकारी रिकॉर्ड में इसकी क्या स्थिति दर्ज है।








