प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी की। इसके तहत देशभर के करीब 10 करोड़ किसानों के बैंक खातों में 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की गई। इस दौरान पीएम मोदी ने 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि किसान विकसित भारत के मजबूत स्तंभों में शामिल हैं। सरकार ने हमेशा किसानों के कल्याण और उन्हें सशक्त बनाने को प्राथमिकता दी है। उन्होंने बताया कि 2013-14 की तुलना में देश का कृषि बजट पांच गुना से अधिक बढ़ चुका है और पीएम किसान सम्मान निधि करोड़ों छोटे किसानों के जीवन का अहम हिस्सा बन गई है।
खाद पर सरकार ने खर्च किए 16 लाख करोड़ रुपये
पीएम मोदी ने कहा कि बीते कुछ वर्षों में वैश्विक अनिश्चितताओं के कारण खाद की कीमतों में काफी बढ़ोतरी हुई, लेकिन सरकार ने इसका अतिरिक्त बोझ किसानों पर नहीं पड़ने दिया। इसके लिए सरकार करीब 16 लाख करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है।
प्रधानमंत्री ने सिंचाई की लागत घटाने के प्रयासों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पीएम-कुसुम योजना के जरिए किसानों को सोलर पंप उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस योजना के तहत अब तक करीब 12 लाख सोलर पंप दिए जा चुके हैं।









